10वीं पास, कोई क्राइम केस नहीं...बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक ने बांकीपुर सीट से भरा पर्चा, PK से है कड़ा मुकाबला
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक बंटी ने नामांकन दाखिल किया. 10वीं पास अभिषेक के पास करीब 19.6 लाख की संपत्ति है और उनका मुकाबला प्रशांत किशोर से है.
बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है. भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार अभिषेक बंटी ने गुरुवार को अपना नामांकन दाखिल कर दिया है. नामांकन पत्र के साथ दिए गए हलफनामे के मुताबिक, अभिषेक बंटी सिर्फ 10वीं पास हैं. उन्होंने साल 2000 में दरभंगा के एक स्कूल से बिहार बोर्ड की मैट्रिक परीक्षा पास की थी और उसके बाद पढ़ाई छोड़ दी थी.
26 साल से बीजेपी को समर्पित
अभिषेक बंटी करीब 26 साल से बीजेपी के एक समर्पित और जमीनी कार्यकर्ता रहे हैं, जिन्होंने मंडल अध्यक्ष से लेकर युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष तक की जिम्मेदारी संभाली है. पार्टी इस बार उनके सहारे एक सामान्य कार्यकर्ता के नैरेटिव पर चुनाव लड़ रही है. अभिषेक के सामने जन सुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर चुनावी मैदान में हैं, जिससे यह मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है. यह सीट बीजेपी नेता नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी.
इतनी संपत्ति के मालिक हैं अभिषेक
हलफनामे के अनुसार, अभिषेक बंटी के पास कुल 19 लाख 60 हजार 216 रुपये की संपत्ति है, जबकि उनकी पत्नी अमृता कृष्ण के पास 9 लाख 92 हजार 476 रुपये की संपत्ति है. अभिषेक पर 10 लाख रुपये का कर्ज भी है. शौक की बात करें तो अभिषेक को सोने की चेन और अंगूठी पहनने का शौक है, जिसकी कुल कीमत करीब 1.46 लाख रुपये है. उनकी पत्नी के पास 4.24 लाख रुपये के सोने के जेवर और करीब 98 हजार रुपये के चांदी के आभूषण हैं. अभिषेक के पास एक होंडा कार और एक मोटरसाइकिल है और उन पर कोई भी आपराधिक मामला दर्ज नहीं है.