बिहार में मौसम की दोहरी मार! 25 जिलों में बारिश, 8 में भीषण गर्मी की चेतावनी

बिहार में इस समय दो तरह का मौसम देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक आज दो दर्जन से ज्यादा जिलों में बारिश होने की संभावना है. वहीं 8 जिलों में आज भी तेज गर्मी पड़ने वाली है.

ANI
Shanu Sharma

बिहार में पिछले एक सप्ताह से मौसम दोहरी चाल चल रहा है. कुछ जिलों में रिकॉर्डतोड़ गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है, वहीं  दूसरी ओर कुछ जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है. सोमवार की शाम से लेकर आज सुबह तक राज्य के 25 जिलों में हल्की से भारी बारिश दर्ज की गई है. 

मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक राज्य के कई हिस्सों में 61 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं. सबसे अधिक 132.8 मिलीमीटर बारिश कटिहार के प्राणपुर में दर्ज की गई. इस बारिश ने तापमान में कुछ गिरावट तो लाई है, लेकिन गर्मी पूरी तरह कम नहीं हुई.

मौसम विभाग ने दी चेतावनी 

मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक बुधवार को भी मौसम दो रंग दिखाने वाला है. दक्षिण-पश्चिम बिहार के आठ जिलों में गर्मी से लोगों की हालत खराब होगी. वहीं राज्य के 24 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है. IMD अलर्ट के मुताबिक मधेपुरा और पूर्णिया में गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है. वहीं 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली आंधी से पेड़ उखड़ने का खतरा बना हुआ है. राज्य के अलग-अलग जिलों में बारिश हो रही है, लेकिन गर्मी का कहर अब भी जारी है. राज्य के कई जिलों का पारा 40 डिग्री के पार रहा.

आंधी ने बढ़ाई मुसीबत

राजधानी पटना में सोमवार से पछुआ हवा के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली है. पटना का अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री दर्ज किया गया. पिछले दिनों के मुकाबले मंगलवार को न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई. तेज हवा और बारिश के कारण कई इलाकों में लोगों को नुकसान उठाना पड़ा है.

मिल रही जानकारी के मुताबिक भागलपुर में 3, सुपौल और सीवान में 1 व्यक्ति की मौत हो गई. इन सभी लोगों की  मौत दीवार, पेड़ और बिजली के खंभे गिरने की वजह से हुई. आंधी और बारिश के कारण किसानों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ा. मौसम विभाग की ओर से लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. खासतौर पर मौसम बिगड़ने पर बिजली उपकरणों से दूर रहने की सलाह दी गई है.