'Thar जीते तो नहीं ले जाएंगे घर, अनंत सिंह की बेटी को ही दे देंगे गिफ्ट', इस घोड़े के मालिक का बड़ा ऐलान
मोकामा में अनंत सिंह की बेटी शिवानी की शादी के मौके पर करीब तीन दर्जन घोड़ों के बीच Thar SUV के लिए घुड़दौड़ आयोजित की जा रही है. वहीं 79 साल के एक बुजुर्ग घोड़ा मालिक ने कहा है कि उनका घोड़ा जीता तो वह Thar शिवानी को गिफ्ट करेंगे.
बिहार के मोकामा में विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवानी की शादी के मौके पर होने वाली घुड़दौड़ इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है. इस प्रतियोगिता में करीब तीन दर्जन घोड़े अपनी रफ्तार और दमखम दिखाने के लिए मैदान में उतरेंगे. मुकाबले के विजेता को Thar SUV दी जाएगी.
इस आयोजन में सबसे ज्यादा चर्चा 79 साल के एक बुजुर्ग घोड़ा मालिक के बयान की हो रही है. उन्होंने कहा है कि अगर उनका घोड़ा रेस जीतकर Thar अपने नाम करता है, तो वह गाड़ी घर नहीं ले जाएंगे, बल्कि शिवानी को गिफ्ट कर देंगे.
79 साल की उम्र में भी घुड़दौड़ का जुनून
घुड़दौड़ में हिस्सा लेने पहुंचे बुजुर्ग ने बताया कि उन्हें बचपन से ही घोड़ों का शौक रहा है. उनके बाबा उन्हें घोड़े पर बैठाया करते थे. धीरे-धीरे यह शौक उनका जुनून बन गया. आज 79 साल की उम्र में भी वह घोड़ों के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने पहुंचते हैं.
Also Read
उन्होंने अपनी सेहत और जीत के भरोसे को लेकर कहा कि उन्होंने घी खाया है और आज भी उनकी आंख-नाक सब ठीक है. जब उनसे पूछा गया कि अगर उनका घोड़ा Thar जीत गया तो वह क्या करेंगे, तो उन्होंने कहा कि उनके बच्चों को भी घोड़ों का शौक है और वे घोड़े को बेचेंगे नहीं. उनके पास पहले से Thar गाड़ी है, इसलिए जीतने पर वह इसे शिवानी को उपहार में दे देंगे. उन्होंने बताया कि वह अनंत सिंह को मानते हैं और इसी वजह से मोकामा की इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने आए हैं.
प्रयागराज के करण-अर्जुन और गया का बारूद भी मैदान में
इस प्रतियोगिता में देश के अलग-अलग इलाकों से घोड़े पहुंचे हैं. प्रयागराज से आए करण और अर्जुन नाम के दो घोड़े खास आकर्षण बने हुए हैं. दोनों सगे भाई हैं और सिंधी नस्ल के बताए जा रहे हैं. इनके संचालक बाबू के मुताबिक, दोनों घोड़े अब तक करीब 15 से 16 रेस जीत चुके हैं. उनकी खुराक में काजू, बादाम, दूध और चना शामिल है.
वहीं, गया से आया बारूद नाम का घोड़ा भी मुकाबले का मजबूत दावेदार माना जा रहा है. इसके संचालक का दावा है कि बारूद की रफ्तार 45 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा है और यह पिछले डेढ़ साल में 15 से अधिक प्रतियोगिताएं जीत चुका है. इसकी रोजाना खुराक पर करीब पांच हजार रुपये खर्च होने की बात भी बताई गई है.
बारिश के बाद रातभर तैयार हुआ मैदान
लगातार बारिश के कारण घुड़दौड़ का मैदान खराब हो गया था. ऐसे में प्रतियोगिता कराना आयोजकों के लिए चुनौती बन गया. मैदान को तैयार करने के लिए दर्जनों ट्रैक्टरों से बालू डलवाई गई. जेसीबी से जमीन को समतल कराया गया और रोलर चलाकर दौड़ के लायक बनाया गया. बताया गया कि अनंत सिंह खुद रातभर तैयारियों की निगरानी करते रहे. अनंत सिंह और उनके दोस्तों के घोड़े भी आयोजन स्थल पर पहुंचे हैं, लेकिन वे प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लेंगे. आयोजकों के मुताबिक, ऐसा इसलिए किया गया है ताकि अपने घोड़ों को जिताने के आरोप न लगें.
किसके नाम होगी Thar की चाबी?
मोकामा की इस घुड़दौड़ में राजा, रॉकेट, बादल और आकाश जैसे घोड़े भी अपनी रफ्तार दिखाने को तैयार हैं. प्रयागराज के करण-अर्जुन और गया के बारूद पर भी लोगों की नजर है. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि प्रतियोगिता में कौन सा घोड़ा जीत हासिल करेगा. साथ ही यह देखना भी दिलचस्प होगा कि क्या 79 साल के बुजुर्ग का घोड़ा Thar जीतकर उन्हें शिवानी को गिफ्ट देने का मौका देता है.