देर रात कैफे का ताला खुलवाकर की पार्टी, फिर सहकर्मियों ने 22 वर्षीय युवती का किया गैंग रेप; 2 महिलाओं समेत 3 गिरफ्तार

पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार में 22 वर्षीय युवती ने अपने सहकर्मियों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है. शिकायत के मुताबिक, कैफे बंद होने के बाद चाबी से दोबारा खोला गया और वहां रातभर पार्टी हुई.

Pinterest
Km Jaya

दिल्ली के पूर्वी जिले के प्रीत विहार इलाके में एक कैफे के अंदर 22 वर्षीय युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पीड़िता की शिकायत के आधार पर दिल्ली पुलिस ने दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है. बताया जा रहा है कि युवती और आरोपी एक ही कैफे में सहकर्मी हैं.

पुलिस और शिकायतकर्ता से मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़िता समेत करीब आठ लोग सोमवार रात प्रीत विहार स्थित कैफे में पार्टी करने पहुंचे थे. ये सभी कड़कड़डूमा इलाके के एक मॉल में स्थित कैफे में सहकर्मी बताए जा रहे हैं. रात करीब 11:30 बजे कैफे बंद हो गया था, लेकिन समूह के एक सदस्य के पास कैफे की चाबी थी.

क्या है पूरा मामला?

आरोप है कि कैफे बंद होने के बाद चाबी की मदद से उसका ताला दोबारा खोला गया और सभी लोग अंदर चले गए. इसके बाद वहां पार्टी शुरू हुई. समूह के सदस्यों ने कई घंटों तक कैफे के अंदर शराब पी. बताया गया है कि सभी लोग तड़के सुबह करीब 3:30 बजे कैफे से बाहर निकले.


दो सहकर्मियों पर दुष्कर्म का आरोप

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि कैफे से बाहर निकलने से पहले उसके दो पुरुष सहकर्मियों ने उसके साथ जबरन यौन उत्पीड़न और सामूहिक दुष्कर्म किया. युवती ने यह भी आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद दूसरे सहकर्मियों ने आरोपियों को रोकने के बजाय उनका साथ दिया. इनमें महिलाएं भी शामिल थीं. शिकायत में अन्य लोगों पर अपराध की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया गया है.

दो महिलाओं समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

मामले की जानकारी मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की. पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म और अन्य संबंधित आरोपों के तहत कार्रवाई शुरू की है. ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

पुलिस की टीमें घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही हैं. मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई के बाद ही घटना से जुड़ी पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.