क्रिकेट में और बढ़ेगा रोमांच, एक ही मैदान पर भिड़ेंगे महिला व पुरुष खिलाड़ी, जहीर खान लॉन्च करेंगे अनोखी T20 लीग 

जहीर खान की कंपनी और जर्मन क्रिकेट फेडरेशन ने इक्वल टी20 लीग की घोषणा की है. इसमें महिला और पुरुष क्रिकेटर एक ही टीम से खेलेंगे.

X/@SportsNexusNews
Sagar Bhardwaj

क्रिकेट की दुनिया में एक नया प्रयोग होने जा रहा है. अब महिला और पुरुष क्रिकेटर एक ही टीम में खेलते हुए नजर आएंगे. पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान की सह-स्वामित्व वाली कंपनी एंकर स्पोर्ट्स एबी और जर्मन क्रिकेट फेडरेशन ने मिलकर 'इक्वल' (Equal) नाम की मिक्स्ड जेंडर टी20 लीग शुरू करने का ऐलान किया है.

अगले साल अगस्त में होगा टूर्नामेंट

इस लीग का आयोजन अगले साल अगस्त में किया जाएगा. इसमें कुल पांच टीमें हिस्सा लेंगी. टूर्नामेंट का उद्देश्य महिला और पुरुष पेशेवर क्रिकेटरों को एक ही टी20 फॉर्मेट में साथ खेलने का अवसर देना है. इस पहल को जर्मनी में क्रिकेट का विस्तार करने की दिशा में भी अहम माना जा रहा है.

जहीर खान ने क्या कहा?

जहीर खान ने इस लीग को क्रिकेट को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया. उनके मुताबिक, क्रिकेट में लोगों को एक साथ जोड़ने की ताकत है. यूरोप जैसे उभरते बाजारों में इस खेल की लोकप्रियता बढ़ाने के लिए इसे अधिक लोगों तक पहुंचाना जरूरी है. उन्होंने कहा कि 'इक्वल' जैसी पहल महिला और पुरुषों को क्रिकेट में हिस्सा लेने और इसके विकास में योगदान देने का समान अवसर देगी.


ऐसा होगा लीग का फॉर्मेट

शुरुआती योजना के मुताबिक, पांच टीमें टूर्नामेंट में कुल 12 टी20 मुकाबले खेलेंगी. प्रत्येक टीम में 18 खिलाड़ी होंगे. हालांकि, मैदान पर उतरने वाली प्लेइंग इलेवन में छह महिला और पांच पुरुष खिलाड़ी शामिल होंगे. यानी हर मैच में महिला और पुरुष क्रिकेटर एक साथ अपनी टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे.