चीन को टक्कर देने की तैयारी में भारत! 11,000 करोड़ रुपये की योजना से देश में बनेंगी टनल बोरिंग और भारी निर्माण मशीनें

केंद्र सरकार ने निर्माण उपकरणों के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 11,000 करोड़ रुपये की योजना मंजूर की है. इससे चीन पर निर्भरता घटाने में मदद मिलेगी.

X
Sagar Bhardwaj

भारत सरकार ने निर्माण और बुनियादी ढांचा उपकरण (CIE) उद्योग को मजबूत बनाने के लिए 11,000 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी है. इस योजना का उद्देश्य देश में भारी निर्माण मशीनों और उनके जरूरी कलपुर्जों का उत्पादन बढ़ाना है.

यह योजना वित्त वर्ष 2026-27 से 2033-34 तक आठ साल के लिए लागू होगी. इसके जरिए घरेलू कंपनियों को उत्पादन बढ़ाने, नई तकनीक विकसित करने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धी बनने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा.


चीन पर निर्भरता कम करने की तैयारी

यह फैसला ऐसे समय आया है, जब चीन ने कुछ भारी निर्माण उपकरणों के निर्यात पर प्रतिबंध लगाए हैं. इनमें टनल बोरिंग मशीन (TBM), वॉकिंग एक्सकैवेटर, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में इस्तेमाल होने वाली वेट शॉटक्रीट मशीन और ड्रेजिंग से जुड़े कुछ उपकरण शामिल हैं.

भारत में पहाड़ी और सीमावर्ती इलाकों में सड़क, रेलवे, सुरंग और हाइड्रोपावर परियोजनाओं के लिए इन मशीनों की जरूरत पड़ती है. ऐसे में चीन के निर्यात प्रतिबंधों से उपकरणों की उपलब्धता और परियोजनाओं की लागत प्रभावित होने की आशंका है.

कंपनियों को मिलेंगे 13 से 8 फीसदी तक प्रोत्साहन

नई योजना के तहत पात्र मूल उपकरण निर्माता कंपनियों (OEMs) और कलपुर्जा निर्माताओं को अतिरिक्त बिक्री के आधार पर पांच साल तक 13 से 8 फीसदी तक प्रोत्साहन दिया जाएगा.

इसके अलावा निर्माण और इंफ्रास्ट्रक्चर उपकरणों के परीक्षण के लिए एक विशेष सुविधा स्थापित करने पर 375 करोड़ रुपये तक की सरकारी सहायता देने का प्रावधान है. इससे कंपनियों को नई मशीनें विकसित करने और घरेलू स्तर पर उत्पादन क्षमता बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है.

TBM के कलपुर्जों का भारत में निर्माण बढ़ाने की मांग

इंडियन कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ICEMA) ने सरकार से महत्वपूर्ण मशीनों और उनके कलपुर्जों का घरेलू उत्पादन बढ़ाने की मांग की है. एसोसिएशन के मुताबिक, टनल बोरिंग मशीन के मुख्य बेयरिंग, कटरहेड, डिस्क कटर, हाइड्रोलिक सिस्टम, मेन ड्राइव और ऑटोमेशन सिस्टम जैसे अहम हिस्सों का भारत में निर्माण जरूरी है. इसके लिए रिसर्च, नई तकनीक और विनिर्माण क्षमता विकसित करने पर सरकारी निवेश बढ़ाने की भी मांग की गई है.

भारत में 20 फीसदी सालाना बढ़ रही TBM की मांग

भारत में मेट्रो रेल, हाईस्पीड रेलवे, जलविद्युत परियोजनाओं और पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क निर्माण के कारण सुरंग बनाने वाली मशीनों की मांग बढ़ रही है. उद्योग से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक, भारत में टनल बोरिंग मशीनों की मांग करीब 20 फीसदी सालाना की दर से बढ़ रही है.

चीन के निर्यात प्रतिबंधों का असर केवल नई मशीनों की खरीद पर ही नहीं, बल्कि पहले से इस्तेमाल हो रहे उपकरणों के स्पेयर पार्ट्स, मरम्मत और तकनीकी सहायता पर भी पड़ सकता है. ऐसे में सरकार की नई योजना से भारत में निर्माण उपकरण उद्योग को घरेलू स्तर पर मजबूत बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है.