CWG 2026 में दर्दनाक हादसा, इंग्लैंड के युवा जिमनास्ट का दिल दहला देने वाला वीडियो आया सामने

Commonwealth games 2026 में इंग्लैंड के युवा जिमनास्ट गैब्रियल लैंगटन हॉरिजॉन्टल बार से गिरकर चोटिल हो गए. इसका वीडियो देख कई लोगों की रूंह कांप गई.

X
Ashutosh Rai

Commonwealth games 2026 में एक बड़ा हादसा देखने को मिला, जब इंग्लैंड के जिमनास्ट गैब्रियल लैंगटन प्रदर्शन के दौरान हॉरिजॉन्टल बार से गिर पड़े. इस घटना के बाद मुकाबला कुछ समय के लिए रोक दिया गया और उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.

हॉरिजॉन्टल बार से गिरने के बाद मची अफरा-तफरी

पुरुषों की टीम जिमनास्टिक्स फाइनल के आखिरी रोटेशन के दौरान 19 वर्षीय गैब्रियल लैंगटन की बार पर पकड़ अचानक छूट गई. संतुलन बिगड़ने के कारण वह सिर के बल मैट पर गिर पड़े. हादसा इतना गंभीर था कि वह खुद उठ नहीं सके. मेडिकल टीम तुरंत उनके पास पहुंची और कई मिनट तक मैदान पर ही उनका इलाज किया. इसके बाद उनकी गर्दन और सिर को सुरक्षित रखते हुए स्ट्रेचर पर एरिना से बाहर ले जाया गया. इस दौरान मुकाबला रोक दिया गया और सभी खिलाड़ियों की नजरें लैंगटन की हालत पर टिक गईं.

टीम में चिंता बनी रही

गैब्रियल लैंगटन को इस प्रतियोगिता में इंग्लैंड के अनुभवी जिमनास्ट मैक्स व्हिटलॉक की जगह मौका मिला था. हादसे के बाद इंग्लैंड की टीम को उनके बिना ही अपना मुकाबला पूरा करना पड़ा. आखिर में टीम को सिल्वर मेडल मिला. वहीं कनाडा ने गोल्ड और ऑस्ट्रेलिया ने ब्रॉन्ज अपने नाम किया. हालांकि मेडल जीतने के बावजूद इंग्लैंड के खिलाड़ियों के चेहरे पर खुशी नहीं दिखी. टीम के जिमनास्ट ल्यूक व्हाइटहाउस ने कहा कि जिमनास्टिक्स जोखिम वाला खेल है और ऐसे हादसे खिलाड़ियों को मानसिक रूप से भी प्रभावित करते हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि लैंगटन जल्द पूरी तरह ठीक हो जाएंगे.


मेडिकल रिपोर्ट से मिली राहत

हादसे के बाद गैब्रियल लैंगटन को अस्पताल में भर्ती कर कई मेडिकल स्कैन किए गए. बाद में टीम इंग्लैंड ने बताया कि वह पूरी तरह होश में थे, डॉक्टरों से बात कर रहे थे और हाथ-पैर भी सामान्य तरीके से हिला रहे थे. ब्रिटिश जिम्नास्टिक्स ने जानकारी दी कि सभी जांच की रिपोर्ट अच्छी आई है और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं लगी. डॉक्टरों की अनुमति मिलने के बाद उन्हें टीम होटल वापस भेज दिया गया. इस खबर से खिलाड़ियों, कोच और प्रशंसकों ने राहत की सांस ली. अब उम्मीद है कि लैंगटन जल्द पूरी तरह फिट होकर फिर से प्रतियोगिता में वापसी करेंगे.