menu-icon
India Daily

'भारत को रोहित शर्मा की अगले 5 साल के लिए जरूरत', पूर्व क्रिकेटर ने हिटमैन से की बड़ी अपील

Rohit Sharma: भारतीय टीम के वनडे कप्तान रोहित शर्मा 50 ओवर के फॉर्मेट में वापसी की तैयारी कर रहे हैं. ऐसे में भारत के एक पूर्व खिलाड़ी का मानना है कि भारत को रोहित शर्मा की अगले 5 सालों के लिए जरूरत है.

mishra
'भारत को रोहित शर्मा की अगले 5 साल के लिए जरूरत', पूर्व क्रिकेटर ने हिटमैन से की बड़ी अपील
Courtesy: Social Media

Rohit Sharma: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान और 'हिटमैन' के नाम से मशहूर रोहित शर्मा जल्द ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में मैदान पर वापसी करने वाले हैं. 38 साल के रोहित ने इस साल मार्च में चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बाद से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला है. 

हालांकि, उन्होंने आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस के लिए हिस्सा लिया था. उनकी वापसी से पहले पूर्व क्रिकेटर योगराज सिंह ने रोहित को लेकर बड़ा बयान दिया है. योगराज का मानना है कि भारतीय क्रिकेट को रोहित की अगले पांच साल तक जरूरत है.

रोहित शर्मा का अनोखा अंदाज और क्लास

योगराज सिंह ने न्यूज18 से बातचीत में रोहित की तारीफों के पुल बांधे. उन्होंने कहा, "रोहित शर्मा की बल्लेबाजी का कोई जवाब नहीं. उनकी पारी एक तरफ और बाकी दुनिया की बल्लेबाजी दूसरी तरफ. यही उनकी क्लास है." योगराज ने रोहित से अपील की कि वे अपनी फिटनेस पर ध्यान दें और अगले पांच साल तक देश के लिए खेलें. उन्होंने सुझाव दिया कि रोहित को हर सुबह 10 किलोमीटर दौड़ना चाहिए. 

रोहित का क्रिकेट करियर

रोहित शर्मा ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था. इसके अलावा, उन्होंने टेस्ट क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया. अब वे केवल वनडे क्रिकेट खेलते हैं और भारतीय वनडे टीम की कप्तानी करते हैं. उनकी कप्तानी में भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में जीत हासिल की थी. 

2027 वनडे वर्ल्ड कप की उम्मीद

रोहित शर्मा के साथ-साथ विराट कोहली भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में वापसी करेंगे. विराट ने भी टेस्ट और टी20 क्रिकेट से संन्यास ले लिया है और अब केवल वनडे में खेलते हैं. क्रिकेट प्रशंसकों को उम्मीद है कि रोहित और विराट 2027 वनडे वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का हिस्सा होंगे. 

फिटनेस पर जोर

योगराज सिंह ने रोहित से फिटनेस पर विशेष ध्यान देने की अपील की. उन्होंने कहा कि अगर रोहित अपनी फिटनेस को बनाए रखें, तो वे लंबे समय तक क्रिकेट खेल सकते हैं. योगराज ने मजाक में कहा, "रोहित के पीछे चार लोग लगा दो, जो उन्हें हर सुबह 10 किलोमीटर दौड़ाएं."