T20 World Cup 2026

Year Ender 2023: विराट के वो रिकॉर्ड जो 'अमर' हो गए, जानिए कोहली के लिए कैसे गोल्डन ईयर रहा ये साल

Year Ender Cricket 2023: साल 2023 विराट कोहली के लिए गोल्डन ईयर रहा. इस साल उन्होंने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं. जानिए...

Bhoopendra Rai

Year Ender Cricket 2023: क्रिकेट की दुनिया के बेताज बादशाह विराट कोहली के लिए 2023 बहुत शानदार रहा. इस साल उन्होंने वो कारनामे कर दिखाए, जो सदियों तक याद रखे जाएंगे. 2023 से पहले तक आलोचकों के निशाने पर रहने वाले इस दिग्गज ने बल्ले से ऐसा जादू दिखाया कि सबकी बोलती बंद हो गई. रन मशीन किंग कोहली ने इस साल क्रिकेट के भगवान यानी सचिन तेंदुलर के 49 वनडे शतकों के वर्ल्ड रिकॉर्ड को ध्वस्त किया और क्रिकेट के इतिहास में कीर्तिमान की नई इबारत लिख डाली. 

2023 में वनडे फॉर्मेट के हीरो रहे विराट

इस साल वनडे फॉर्मेट में विराट कोहली ने जवला दिखाया और पूरी दुनिया में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने. उन्होंने 27 वनडे मैचों में 72.47 की औसत से 1377 रन बनाए हैं. इनमें 6 शतक और 8 अर्धशतक शामिल हैं. 

टेस्ट में भी खूब चला बल्ला, टी20 नहीं खेला

2023 में विराट ने एक भी टी20 नहीं खेला. उन्होंने टेस्ट में भी कमाल किया. इस साल कोहली 7 टेस्ट मैच खेले और यहां 55.70 की बल्लेबाजी औसत से उन्होंने 557 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने 2 शतक भी पूरे किए.

सचिन तेंदुलकर के 49वें वनडे शतकों का रिकॉर्ड तोड़ा

विराट कोहली ने इस साल महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के 49वें वनडे शतकों का रिकॉर्ड तोड़ा. उन्होंने वनडे विश्व कप 2023 में अपने जन्मदिन पर कोलकाता के ईडन गार्डन के मैदान पर शतक जमाया और करियर में 50 वनडे शतक पूरे किए. विराट ने 279वीं पारी में यह उपलब्धि हासिल की थी. 

एक विश्व कप संस्करण में सबसे ज्यादा रन

विराट कोहली ने वनडे विश्व कप में 765 रन बनाकर इतिहास रचा था. वह विश्व कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने. उन्होंने इस मामले में सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ा था, जिन्होंने साल 2003 वर्ल्ड कप में 673 रन बनाए थे.

7 कैलेंडर ईयर्स में 2 हजार रन बनाने वाले इकलौते बल्लेबाज

विराट कोहली दुनिया के इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 7 कैलेंडर इयर्स में 2 हजार या फिर उससे ज्यादा रन बनाए हैं. विराट ने सबसे पहले साल 2012 में 2 हजार रनों का आंकड़ा पार किया था. इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं दिखा और साल दर साल आसमान की ऊंचाईयों को छूते गए. 

2012 में 2186 रन बनाए
2014 में 2286 रन बनाए 
2016 में 2595 रन बनाए 
2017 में 2818 रन बनाए 
2018 में 2735 रन बनाए
2019 में 2455 रन बनाए
2023 में 2048 रन बनाए

एक नजर में विराट कोहली का क्रिकेट करियर

टेस्ट- 112 मैचों की 189 पारियों में 49.38 की औसत से 8790 रन बनाए हैं. 29 शतक, 7 दोहरे शतक और 30 अर्धशतक जमाए हैं. उनका स्ट्राइक रेट 55.44 का है. 

वनडे- 292 मैचों की 280 पारियों में 13848 रन बनाए हैं. 50 शतक और 72 अर्धशतक जमाए. उनका औसत 58.68 है. 93.59 के स्ट्राईक रेट से रन बनाए हैं.

टी20- 115 टी20 मैचों की 107 पारियों में विराट ने 52.74 की औसत से 4008 रन बनाए हैं. उनका स्ट्राईक रेट 137.97 का रहा. उनके बल्ले से एक शतक और 37 फिफ्टी निकली हैं.