पेरिस की गर्मी ने टेनिस के नंबर-1 खिलाड़ी को रुलाया, 2 सेट जीतने के बाद भी दूसरे राउंड से बाहर हुए जैनिक सिनर

दुनिया के नंबर-1 टेनिस खिलाड़ी जानिक सिनर को फ्रेंच ओपन 2026 में बड़ा झटका लगा. दो सेट की मजबूत बढ़त के बावजूद वह अर्जेंटीना के जुआन मैनुअल सेरुंडोलो से हार गए और टूर्नामेंट से बाहर हो गए.

X
Ashutosh Rai

Sinner French Open Exit: फ्रेंच ओपन 2026 में गुरुवार का दिन टेनिस फैंस के लिए बहुत चौकाने वाला रहा. दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी जानिक सिनर को दूसरे राउंड में ही हार का सामना करना पड़ा. पेरिस की तेज गर्मी और उमस के बीच इटली के स्टार खिलाड़ी पूरी तरह फिट नजर नहीं आए. अर्जेंटीना के जुआन मैनुअल सेरुंडोलो ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया. दो सेट आगे रहने के बावजूद सिनर की हार ने पूरे टूर्नामेंट का रूख पूरी तरह बदल दिया.

दो सेट की बढ़त के बाद बदला मैच

कोर्ट फिलिप चैटियर पर खेले गए मुकाबले में जानिक सिनर ने शुरुआत से ही दबदबा बनाया हुआ था. उन्होंने पहले दो सेट आसानी से 6-3 और 6-2 से जीत लिए. तीसरे सेट में भी वह जीत के बेहद करीब पहुंच चुके थे. 5-4 पर सर्व कर रहे थे. ऐसा लग रहा था कि मुकाबला जल्द खत्म हो जाएगा. इसी दौरान भीषण गर्मी में सिनर की ऊर्जा अचानक गिरने लगी और उनकी मूवमेंट धीमी पड़ गई. दूसरी ओर सेरुंडोलो ने इस मौके का पूरा फायदा उठाया.

गर्मी ने बिगाड़ी हालत

पेरिस में तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका था. लंबे रैलियों के दौरान सिनर बार-बार झुकते और थके हुए नजर आए. मैच के बीच उन्होंने चेयर अंपायर से मेडिकल मदद भी मांगी. इसके बाद वह कुछ समय के लिए कोर्ट से बाहर गए. वापसी के समय उनके गले में बर्फ के पैक थे. टीम उन्हें लगातार मिनरल ड्रिंक दे रही थी. हालांकि, तब तक उनकी लय टूट चुकी थी. सेरुंडोलो ने लगातार पॉइंट जीतते हुए मुकाबले पर पकड़ मजबूत कर ली और सिनर मानसिक रूप से भी दबाव में आ गए.

सेरुंडोलो ने रचा इतिहास

अर्जेंटीना के खिलाड़ी जुआन मैनुअल सेरुंडोलो ने शानदार धैर्य दिखाया. उन्होंने तीसरा सेट 7-5 से जीतकर मुकाबले में वापसी की. फिर चौथे व पांचवें सेट में पूरी तरह हावी रहे. सिनर लगातार गलतियां करते रहे. अंत में मुकाबला 6-3, 6-2, 5-7, 1-6, 1-6 से हार गए. यह फरवरी के बाद उनकी पहली हार रही और 30 मैचों की जीत का सिलसिला भी टूट गया. सेरुंडोलो के लिए यह करियर की सबसे बड़ी जीतों में शामिल हो गई है.