नई दिल्ली: आईपीएल 2026 का खुमार इन दिनों फैंस के सिर चढ़कर बोल रहा है और वे अपने चहेते सितारों को देखने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार रहते हैं. हालांकि, कभी-कभी यह उत्साह खिलाड़ी के लिए डरावना अनुभव बन जाता है. हाल ही में सनराइजर्स हैदराबाद के ओपनर अभिषेक शर्मा के साथ होटल में हुई एक घटना ने सुरक्षा और फैंस के व्यवहार पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
इंस्टाग्राम पर 'moreofhimshikha' नाम के अकाउंट से साझा किया गया यह वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है. इसे अब तक 35 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है और करीब 6 लाख लोगों ने इसे लाइक किया है. वीडियो में सनराइजर्स हैदराबाद की पूरी टीम एक होटल की गैलरी से गुजरती नजर आ रही है. गैलरी के किनारे फैंस अपने पसंदीदा क्रिकेटर्स की एक झलक पाने के लिए लाइन लगाकर खड़े हैं. इंटरनेट पर यह वीडियो चर्चा का विषय बना है.
वीडियो में देखा जा सकता है कि सबसे पहले ईशान किशन गैलरी से गुजरते हैं. उनके ठीक पीछे हैदराबाद के विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा आ रहे होते हैं. तभी किनारे खड़ी एक महिला फैन अचानक अभिषेक का हाथ पकड़कर अपनी तरफ जोर से खींच लेती है. यह सब इतनी तेजी से हुआ कि वहां मौजूद अन्य लोग भी दंग रह गए. सरेआम हाथ खींचे जाने की इस हरकत ने उस समय वहां मौजूद सुरक्षा घेरे को भी हैरान कर दिया.
इस अचानक हुए वाकये से अभिषेक शर्मा बुरी तरह सहम गए. वीडियो में उनके चेहरे पर साफ तौर पर घबराहट और शिकन देखी जा सकती है. अचानक हुए इस शारीरिक संपर्क से वे सकपका गए थे. हालांकि, टीम के साथ चल रहे सुरक्षाकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत उस लड़की का हाथ पीछे किया और अभिषेक को आगे जाने का रास्ता दिया. इस दौरान पास खड़ी दो-तीन लड़कियां अभिषेक शर्मा को इस हाल में देखकर हंसती हुई नजर आईं.
भले ही होटल में अभिषेक के साथ यह अप्रिय अनुभव हुआ हो, लेकिन मैदान पर उनका बल्ला इस सीजन में खूब चमक रहा है. राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पिछले मुकाबले में उन्होंने शानदार 57 रनों की पारी खेली थी. इस सीजन में वे अब तक औरेंज कैप की रेस में सबसे आगे चल रहे हैं. उनके बल्ले से इस साल एक जबरदस्त शतक भी निकला है. अभिषेक की आक्रामक बल्लेबाजी ने सनराइजर्स हैदराबाद को इस सीजन में बेहद मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है.
अभिषेक शर्मा के आईपीएल करियर के आंकड़े उनकी काबिलियत की गवाही देते हैं. उन्होंने अब तक कुल 85 आईपीएल मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 2195 रन बनाए हैं. उनके नाम इस प्रतिष्ठित लीग में अब तक दो शतक और 12 अर्धशतक दर्ज हैं. वे न केवल एक ओपनर के तौर पर सफल रहे हैं, बल्कि उनकी आक्रामकता ने उन्हें इस फॉर्मेट का सबसे खतरनाक खिलाड़ी बना दिया है. फैंस उनकी खेल शैली के बेहद कायल हैं.