West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

41 साल की उम्र में एबी डी विलियर्स ने दिखाई गजब की फुर्ती, वीडियो में देखें बाउंड्री से कैसे डॉयरेक्ट हिट में किया रन आउट

AB de Villiers: वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लेजेंड्स 2025 के दूसरे सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस को हराकर फाइनल में जगह बना ली है. इस मुकाबले में एबी डी विलियर्स ने एक शानदार रन ऑउट किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

Social Media
Praveen Kumar Mishra

AB de Villiers: 41 साल की उम्र में दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज क्रिकेटर एबी डी विलियर्स ने अपनी शानदार फील्डिंग से सभी को हैरान कर दिया. वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लेजेंड्स (WCL) 2025 के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी गेंद पर उनकी चुस्ती ने दक्षिण अफ्रीका को फाइनल में पहुंचा दिया. लॉन्ग ऑफ पर खड़े डी विलियर्स ने एक सटीक थ्रो के साथ रन आउट कर मैच का रुख पलट दिया.

ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस को जीत के लिए आखिरी गेंद पर 3 रनों की जरूरत थी. दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज वेन पार्नेल ने डैन क्रिस्टियन के खिलाफ एक शानदार यॉर्कर फेंकी. क्रिस्टियन ने गेंद को मैदान के बीच में खेला और पहला रन तेजी से पूरा किया. लेकिन दूसरा रन लेने की कोशिश में नाथन कोल्टर-नाइल को डी विलियर्स ने लॉन्ग ऑफ से सीधा थ्रो फेंककर रन आउट कर दिया. 

एबी डी विलियर्स की कप्तानी में फाइनल में साउथ अफ्रीका

वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लेजेंड्स एक निजी टूर्नामेंट है, जिसमें रिटायर्ड क्रिकेटर हिस्सा लेते हैं. एबी डी विलियर्स इस टूर्नामेंट में दक्षिण अफ्रीका की कप्तानी कर रहे हैं. उनकी टीम अब 2 अगस्त, शनिवार को फाइनल में पाकिस्तान चैंपियंस से भिड़ेगी. पाकिस्तान की टीम भारत के सेमीफाइनल से हटने के बाद फाइनल में पहुंची थी.

साउथ अफ्रीका की बल्लेबाजी

दक्षिण अफ्रीका की पारी में मोर्ने वैन विक और जेजे स्मट्स ने शानदार प्रदर्शन किया. डी विलियर्स के जल्दी आउट होने के बाद इन दोनों ने 112 रनों की साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दी. वैन विक ने 35 गेंदों में 76 रन बनाए, जिसमें सात चौके और पांच छक्के शामिल थे. वहीं, स्मट्स ने 41 गेंदों में 57 रनों की पारी खेली. 

ऑस्ट्रेलिया का जवाब और डी विलियर्स का कमाल

जवाब में ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत धमाकेदार रही. क्रिस लिन ने 20 गेंदों में 35 रन बनाकर तेज शुरुआत दी लेकिन वेन पार्नेल ने उनकी पारी को खत्म किया. शॉन मार्श (25 रन, 17 गेंद) और डी’आर्सी शॉर्ट (33 रन, 29 गेंद) ने पारी को संभाला, जबकि डैन क्रिस्टियन ने शॉर्ट के साथ 33 रनों की साझेदारी की.

आखिरी ओवर में ऑस्ट्रेलिया को 14 रनों की जरूरत थी. रॉब क्विनी ने पहली गेंद पर छक्का जड़ा, जिससे उम्मीदें जगीं, लेकिन पार्नेल की कसी हुई गेंदबाजी और डी विलियर्स के शानदार थ्रो ने ऑस्ट्रेलिया को जीत से वंचित कर दिया.