menu-icon
India Daily

'नफरती साजिश, ब्लैक डे, शर्मनाक...', विनेश फोगाट के डिस्क्वालिफिकेशन पर क्या बोल रहे हैं नेता?

विनेश फोगाट को पेरिस ओलंपिक 2024 के फाइनल मुकाबले से पहले अयोग्य घोषित किए जाने को लेकर देशभर में उबाल है. लोग कह रहे हैं कि यह देश के खिलाफ बड़ी साजिश है, ओलंपिक संघ के इस रवैये की जांच की जानी चाहिए. महज 50 ग्राम वजन ज्यादा होने से ही ऐसी दिग्गज खिलाड़ी को अयोग्य कर दिया गया है.

India Daily Live
'नफरती साजिश, ब्लैक डे, शर्मनाक...', विनेश फोगाट के डिस्क्वालिफिकेशन पर क्या बोल रहे हैं नेता?
Courtesy: Social Media

पेरिस ओलंपिक 2024 में देश उम्मीद कर रहा था कि विनेश फोगाट गोल्ड मेडल लेकर आएंगी, ये सपना भारत का चकनाचूर हो गया है. इंटरनेशनल ओलंपिक एसोसिएशन ने उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया है. विनेश फोगाट 50 किलोग्राम भार वर्ग के मुकाबले में खेल रहीं थीं, उनका वजन 50 किलोग्राम से थोड़ा ज्यादा था. इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन ने बुधवार को कहा कि विनेश फोगाट को अयोग्य घोषित कर दिया गया है.

विनेश फोगाट का ओलंपिक 2024 में प्रदर्शन शानदार रहा है. उनके सामने जो पहलवान आई, उसकी विनेश ने बोलती बंद कर दी. विनेश फोगाट ने मंगलवार को 3-3 मुकाबले खेले और सबको पटखनी दे दी.

विनेश फोगाट ने दुनिया की नंबर वन खिलाड़ी वाई सुसाकी को 3-2 से बुरी तरह हराया. दूसरे मुकाबले में उनका सामना ओ लिवाच से हुई, उन्हें भी करारी हार दी. तीसरा मुकाबला क्यूबा की पहलवान वाई गुजमान से हुआ उसमें भी विनेश फोगाट 5-0 के अंतर से जीत गईं. विनेश फोगाट के बारे में दावा किया जा रहा था कि वह पक्का गोल्ड मेडल लेकर आएंगी, उनका सिल्वर तो तय हो चुका था. 

'ये फैसला, खेल नहीं, साजिश है...' एक सुर में नेताओं ने उठाए सवाल

राहुल गांधी ने क्या कहा?

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है, 'विश्वविजेता पहलवानों को हरा कर फाइनल में पहुंची भारत की शान विनेश फोगाट का तकनीकी आधार पर अयोग्य घोषित किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है. हमें पूरी उम्मीद है कि भारतीय ओलंपिक संघ इस निर्णय को मजबूती से चैलेंज कर देश की बेटी को न्याय दिलाएगा. विनेश हिम्मत हारने वालों में से नहीं हैं, हमें पूरा भरोसा है कि वह अखाड़े में और अधिक मजबूती से वापसी करेंगी. आपने हमेशा देश को गौरवान्वित किया है विनेश. आज भी पूरा देश आपकी ताकत बनकर आपके साथ खड़ा है.'

संजय सिंह ने क्या कहा?

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा, 'ये विनेश का नही देश का अपमान है.  पूरी दुनिया में इतिहास रचने जा रही थी, उनको 100 ग्राम ओवरवेट दिखाकर अयोग्य घोषित करना घोर अन्याय है. पूरा देश विनेश के साथ खड़ा है. भारत सरकार तुरंत हस्तक्षेप करे, अगर बात ना मानी जाए तो ओलंपिक का बहिष्कार करे.'

अखिलेश यादव ने क्या कहा?

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, 'विनेश फोगाट के फाइनल में न खेल पाने की चर्चा के तकनीकी कारणों की गहरी जांच-पड़ताल हो और सुनिश्चित किया जाए कि सच्चाई क्या है और इसके पीछे की असली वजह क्या है.

पीएम मोदी ने क्या कहा?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'विनेश आप विजेताओं के विजेता हैं. आप भारत की गौरव हैं और हमेशा हर भारतीय की प्रेरणा रहेंगी. आज के फैसले ने हमें दुख पहुंचाया है. मैं जो अनुभव कर रहा हूं, काश मैं उसे कह सकता. आपका स्वभाव में जानता हूं. आप चुनौतियों को स्वीकारती हैं और पार पाती हैं. और मजबूत होकर आओ. हम आपके साथ हैं.'

क्या बोलीं कुमारी शैलजा?

कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने कहा, 'यह समझ से परे है. कैसा मैनजमेंट था, कैसी सपोर्टिंग टीम और कोच थी, वे कर क्या रहे थे. कैसे वेट बढ़ गया. यह ओलंपिक है, क्या इसे गंभीरता से नहीं लिया गया. मुझे लगता है कि भारत सरकार और इंडियन ओलंपिक मैनेज को इसे जवाब देना चाहिए.'

गहमंत्री अमित शाह ने क्या कहा?

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, 'विनेश फोगाट को झटका लगना, करोड़ों भारतीयों के सपनों का टूट जाना है. उनका खेल करियर अद्भुत रहा है. उन्होंने विश्व चैंपियन को हराया है. यह दुर्भाग्य है कि कि ऐसा हो गया. मुझे भरोसा है कि वह दोबारा उठ खड़ी होंगी, वह हमेशा विजेता हैं. हमारी शुभकामनाएं हमेशा उनके साथ है.'