अहमदाबाद: क्रिकेट का असली रोमांच क्या होता है यह इस बार के आईपीएल ने बखूबी दिखाया है और जब बात फाइनल मुकाबले की हो तो उत्साह दोगुना होना लाजिमी है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आईपीएल 2026 के महामुकाबले यानी फाइनल मैच के लिए मंच पूरी तरह सज चुका है जहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस की टीमें ट्रॉफी के लिए आपस में भिड़ने वाली हैं. लेकिन इस खिताबी मुकाबले के बीच दोनों फाइनलिस्ट टीमों के अलावा जो एक नाम हर किसी की जुबान पर छाया हुआ है वह है 15 साल के युवा बल्लेबाजी सनसनी वैभव सूर्यवंशी का.
राजस्थान रॉयल्स के इस उभरते हुए सितारे को देखने के लिए फैंस काफी उत्सुक हैं. वैभव इस बड़े मुकाबले का गवाह बनने के लिए खुद अहमदाबाद पहुंच चुके हैं और उनके साथ फ्रेंचाइजी के टीम मैनेजर रोमी भिंडर भी मौजूद हैं. भले ही क्वालीफायर 2 में गुजरात टाइटंस के हाथों हारकर राजस्थान रॉयल्स की टीम इस टूर्नामेंट से बाहर हो गई हो लेकिन पूरे सीजन में वैभव के बल्ले से निकले रनों के तूफान ने उन्हें आईपीएल 2026 के सबसे बड़े सितारों में से एक बना दिया है.
क्रिकेट फैंस जहां एक तरफ फाइनल मैच का लुत्फ उठाएंगे वहीं दूसरी तरफ स्टैंड्स में बैठे वैभव पर भी सबकी निगाहें टिकी होंगी. इस युवा बल्लेबाज के लिए यह सीजन किसी सपने जैसा रहा है और वह इस समय 776 रन बनाकर 'ऑरेंज कैप' की रेस में सबसे आगे चल रहे हैं. फाइनल मैच के नतीजों और खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर इस रेस में थोड़ा बदलाव आ सकता है इसलिए उनकी इस बादशाहत पर सबकी नजर रहेगी.
वैभव ने इस सीजन में कुल 16 मैच खेले और अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सबको हैरान कर दिया. उन्होंने लगभग 237.31 के हैरान कर देने वाले स्ट्राइक रेट और 48.50 के शानदार औसत से ये रन बनाए हैं. उनके इस सीजन के सफर में एक शानदार शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं जो उन्हें इस टूर्नामेंट का सबसे खतरनाक बल्लेबाज बनाते हैं.
इस युवा खिलाड़ी ने नॉकआउट स्टेज में अपना सबसे बेहतरीन खेल दिखाया है. सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मैच में उन्होंने महज 29 गेंदों में 97 रनों की तूफानी पारी खेली थी जहां वे अपने शतक से चूक गए थे. इसके बाद क्वालीफायर 2 में भी गुजरात टाइटंस के खिलाफ उन्होंने 47 गेंदों में 96 रन बनाकर राजस्थान की उम्मीदों को आखिरी सांस तक जिंदा रखा था. भले ही राजस्थान फाइनल में नहीं पहुंच सक लेकिन वैभव के इस निडर अंदाज ने दुनिया भर के दिग्गजों को उनका मुरीद बना दिया है.