वैभव के बढ़ गए भाव...! ब्रांड प्रमोशन के लिए अब 1 करोड़ नहीं लेंगे इतने पैसे, बनें पहली पसंद

उद्योग से जुड़े जानकारों का मानना है कि IPL में शानदार प्रदर्शन के बाद वैभव की ब्रांड वैल्यू में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है. गुप्त सूत्र से पता चला कि वैभव ने पहले ही अपनी एंडोर्समेंट फीस लगभग दोगुनी कर दी है.  

ANI
Meenu Singh

नई दिल्ली: मौजूदा समय में वैभव सूर्यवंशी किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं. महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी भारतीय क्रिकेट के सबसे चर्चित युवा खिलाड़ियों में शामिल हो चुके हैं.  उनकी दमदार बल्लेबाजी ने सबको उनका मुरीद बना दिया है.  लेकिन सूर्यवंशी की ये लोकप्रियता केवल क्रिकेट तक ही सीमित नहीं रह गई है बल्कि उन्होंने विज्ञापन जगत का ध्यान भी अपनी ओर खींचा है. इसके साथ ही अब उनका नाम बड़े-बड़े ब्रांड्स की पसंद बनता जा रहा है.

राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए वैभव ने IPL 2026 में शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया. उन्होंने पूरे सीजन में 776 रन बनाए और अपने विस्फोटक स्ट्राइक रेट से विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा. उनके दमदार प्रदर्शन का ही नतीजा रहा कि उन्होंने ऑरेंज कैप और सीजन के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कार अपने नाम किए.

ब्रांड वैल्यू में हुआ बड़ा इजाफा

क्रिकेट मैदान पर मिली सफलता का असर उनकी बाजार कीमत पर भी साफ दिखाई दे रहा है. उद्योग से जुड़े जानकारों का मानना है कि IPL में शानदार प्रदर्शन के बाद वैभव की ब्रांड वैल्यू में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है.

गुप्त सूत्र से पता चला कि वैभव ने पहले ही अपनी एंडोर्समेंट फीस लगभग दोगुनी कर दी है.  पहले जहां वे एक विज्ञापन अनुबंध के लिए लगभग एक करोड़ रुपये के आसपास फीस लेते थे, वहीं अब उनकी मांग इससे काफी अधिक बताई जा रही है.

बड़े ब्रांड्स की पसंद बने युवा बल्लेबाज

वैभव के इस प्रदर्शन के बाद अब वह कई प्रसिद्ध ब्रांड्स की पहली पसंद बन चुके हैं. वह पहले ही कॉम्प्लान और रेड बुल जैसे ब्रांड्स का एंडोर्समेंट कर चुका है और अब कई अन्य ब्रांड भी उसे साइन करने की होड़ में हैं. क्रिकेट के अलावा विज्ञापन जगत में भी उनकी मौजूदगी लगातार मजबूत होती जा रही है.

परिवार और फ्रेंचाइजी निभा रहे अहम भूमिका

युवा होने के कारण वैभव के व्यावसायिक और ब्रांड संबंधी मामलों को उनके माता-पिता संभाल रहे हैं. साथ ही राजस्थान रॉयल्स की टीम भी उन्हें सही दिशा में मार्गदर्शन देने में सहयोग कर रही है. इससे उनके करियर और व्यावसायिक अवसरों के बीच संतुलन बनाए रखने में मदद मिल रही है.

लंबा सफर अभी बाकी

वैभव की प्रतिभा ने कई क्रिकेट विशेषज्ञों और पूर्व खिलाड़ियों को प्रभावित किया है. उनकी तुलना भारतीय क्रिकेट के कुछ महान खिलाड़ियों से भी की जाने लगी है. हालांकि, इतनी कम उम्र में मिली सफलता के बावजूद उनके सामने अभी लंबा करियर पड़ा है. अगर वे इसी तरह मेहनत और अनुशासन बनाए रखते हैं, तो आने वाले समय में वह जल्द ही टीम इंडिया के लिए डेब्यू कर सकते हैं.