पिता की मौत के बाद भी नहीं छोड़ा टीम का साथ! रिंकू सिंह को UP सरकार ने दी बड़ी सौगात, आज मिलेगा सरकारी पद
उत्तर प्रदेश सरकार रिंकू सिंह के उम्दा प्रदर्शन के कारण अब उन्हें पुरस्कृत करने जा रही है. सीएम योगी आज उन्हें रीजनल स्पोर्ट्स ऑफिसर (आरएसओ) के पद पर नियुक्त करे जा रहे हैं.
लखनऊ: भारतीय नेशनल टीम के स्टार फिनिशर रिंकू सिंह एक ऐसे खिलाड़ी हैं जोकि हमेशा जरूरत पड़ने पर टीम के साथ खड़े रहते हैं. उन्होंने हमेशा टीम के लिए मैच फिनिश करने का काम किया है. उन्हें भले ही टीम में ज्यादा मौके न मिले हो लेकिन फिर भी जब-जब टीम को उनकी जरूरत रही है वह हमेशा खड़े रहे हैं.
अब उनके इसी कार्य के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने उन्हें रीजनल स्पोर्ट्स ऑफिसर (आरएसओ) के पद पर नियुक्त करने का फैसला लिया है. मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश सरकार ने टी20 विश्व कप 2026 में भारत को खिताब दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले बल्लेबाज रिंकू सिंह को सम्मानित किया है.
पिता की मृत्यु के बाद भी टीम के साथ खड़े रहे
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि टूर्नामेंट के दौरान रिंकू सिंह के पिता का लंबी बिमारी के बाद निधन हो गया था. उन्होंने बीच टूर्नामेंट इस मुश्किल वक्त से गुजरना पड़ा, लेकिन उसके बावजूद वह टीम के साथ डटकर खड़े रहे.
उन्होंने टीम का साथ नहीं छोड़ा. वह अपने घर पिता को अंतिम विदाई देने के लिए जरूर पहुंचे थे लेकिन उसके तुरंत बाद वह टीम के साथ जुड़ गए थे. बता दें रिंकू के पिता फोर्थ स्टेज कैंसर की समस्या से जूझ रहे थे.
सरकार करेगी सम्मानित
उत्तर प्रदेश सरकार ने खिलाड़ियों के लिए एक बड़े प्रोत्साहन पैकेज की घोषणा की है, जिसके तहत अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर उम्दा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियां, नकद पुरस्कार और प्रतिष्ठित खेल सम्मान से सम्मानित किया जाएगा.
रिंकू का भी इस सूची में नाम है. सरकार रिंकू को रीजनल स्पोर्ट्स ऑफिसर पद सौंपने का फैसला किया है. रिंकू के अलावा, पेरिस ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के सदस्य राजकुमार पाल को भी पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के पद पर नियुक्त किया जाएगा. राजकुमार गाजीपुर के रहने वाले हैं.
कुल छह खिलाड़ियों को मिलेगा रोजगार
राज्य सरकार इंटरनेशनल पदक विजेता कुल छह खिलाड़ियों को रोजगार प्रदान करने जा रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोक भवन में आयोजित एक फेलिसिटेशन सेरेमनी (अभिनंदन समारोह) में इन खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे.