नई दिल्ली: आईपीएल 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स को बड़ा झटका लगा है. टीम के स्टार ऑलराउंडर सैम करन चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. हालांकि, फ्रेंचाइजी ने सैम करन के रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया है. उनकी जगह श्रीलंका के अनुभवी खिलाड़ी दसुन शनाका को टीम में शामिल कर लिया है.
राजस्थान ने शनाका को 2 करोड़ रुपये में अपने स्क्वॉड में जोड़ा है. दसुन शनाका को शामिल करने का फैसला टीम संतुलन को ध्यान में रखते हुए लिया गया है. वे एक भरोसेमंद ऑलराउंडर हैं, जो बल्ले और गेंद दोनों से योगदान देने की क्षमता रखते हैं.
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने अब तक 6 टेस्ट, 71 वनडे और 131 टी20 मुकाबले खेले हैं, जिनमें 3350 से अधिक रन बनाने के साथ 86 विकेट भी अपने नाम किए हैं. हाल ही में आयोजित हुए टी20 विश्व कप में दसुन शनाका ने 165 रन बनाए थे, जिसमें पाकिस्तान के खिलाफ 31 गेंद में नाबाद 76 रन की तूफानी पारी भी शामिल है. इसके अलावा उन्होंने 3 विकेट भी अपने नाम किए थे.
From the shores of Lanka to Rajasthan, this all-rounder is now ouRRs! 💗🔥
Padhaaro mhare des, Dasun Shanaka 🇱🇰 pic.twitter.com/OY1iPsMHjZ— Rajasthan Royals (@rajasthanroyals) March 23, 2026Also Read
- 'मुझे पसंद नहीं है...', IPL के इस विवादित नियम की अक्षर पटेल ने कर डाली आलोचना
- ICC ने किया 'प्लेयर ऑफ द मंथ' अवॉर्ड्स का ऐलान, भारतीय गेंदबाज को मिला सम्मान; पाकिस्तान के इस क्रिकेटर ने भी मारी बाजी
- PSL बना 'पेट्रोल शॉर्टेज लीग'! बिना फैंस केवल 2 शहरों होगी पूरी लीग; सोशल मीडिया पर फिर बना PCB का मजाक
शनाका पहले भी आईपीएल में खेल चुके हैं. वे गुजरात टाइटंस का हिस्सा रह चुके हैं, जिससे उन्हें भारतीय परिस्थितियों और इस लीग के दबाव का अच्छा अनुभव है. ऐसे में राजस्थान को उम्मीद है कि वे सैम करन की कमी को काफी हद तक पूरा कर पाएंगे.
राजस्थान रॉयल्स इस सीजन में युवा कप्तान रियान पराग की अगुवाई में उतरने जा रही है. टीम में यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल, जोफ्रा आर्चर, रवि बिश्नोई और शिमरन हेटमायर जैसे खिलाड़ी शामिल हैं. शनाका की एंट्री से टीम को मध्यक्रम और गेंदबाजी दोनों में मजबूती मिलने की उम्मीद है.
आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होगा, जबकि राजस्थान रॉयल्स 30 मार्च को अपना पहला मैच खेलेगी. इस मुकाबले में उसका सामना चेन्नई सुपर किंग्स से होगा. यह मैच गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. राजस्थान रॉयल्स ने 2008 में पहला खिताब जीता था. इसके बाद टीम ट्रॉफी जीतने में सफल नहीं हो पाई है. ऐसे में इस बार टीम की नजर अपने लंबे खिताबी सूखे को खत्म करने पर होगी.