Uma Kashvi, WPL 2027 Auction: महज 15 साल की उम्र में उमा काश्वी ने रचा इतिहास, दिल्ली कैपिटल्स ने लगाई बड़ी बोली

महिला प्रीमियर लीग 2027 के ऑक्शन में इतिहास रचा गया है. दिल्ली कैपिटल्स ने महज 15 साल की ऑलराउंडर उमा काश्वी को अपनी टीम में शामिल किया है.

@wplt20 and instagram.com/p/DbvMwVbCdU1/?img_index=2
Reepu Kumari

Uma Kashvi, WPL 2027 Auction: क्रिकेट की दुनिया में कुछ खिलाड़ियों की पहचान उनके प्रदर्शन से बनती है, तो कुछ पल उन्हें अचानक सुर्खियों में ले आते हैं. कर्नाटक की उभरती क्रिकेटर उमा काश्वी के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. पहले मैदान पर लंगूर के हमले की वजह से उनका वीडियो चर्चा में आया और अब महिला प्रीमियर लीग 2027 के ऑक्शन में उन्हें बड़ा मौका मिला है.

महज 15 साल की उम्र में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा बनकर उमा ने महिला प्रीमियर लीग में सबसे कम उम्र में चुनी जाने वाली खिलाड़ी का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. उनकी यह उपलब्धि युवा क्रिकेटरों के लिए खास है. उमा भारतीय अंडर-19 टीम के लिए खेल चुकी हैं और अपने प्रदर्शन से पहले भी पहचान बना चुकी हैं.

महिला प्रीमियर लीग में बनाया रिकॉर्ड

कोच्चि में हुए WPL 2027 ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने उमा काश्वी को अपनी टीम में शामिल किया. इसके साथ ही उन्होंने अंशु नागर का रिकॉर्ड तोड़ दिया. पिछले साल दिल्ली कैपिटल्स ने अंशु को 15 साल की उम्र में खरीदा था. हालांकि, उमा उनसे तीन महीने छोटी हैं. इसी वजह से वह महिला प्रीमियर लीग के इतिहास में सबसे कम उम्र में चुनी जाने वाली खिलाड़ी बन गईं.


22 अक्टूबर को मैदान पर हुआ था हादसा

उमा काश्वी 22 अक्टूबर 2026 को नागपुर के वीसीए स्टेडियम में हुए एक अंडर-19 टी20 ट्रॉफी मुकाबले के दौरान चर्चा में आई थीं. क्वार्टर फाइनल मैच में वह बाउंड्री लाइन के पास फील्डिंग कर रही थीं, तभी एक लंगूर उनकी ओर दौड़ पड़ा. अचानक हुई इस घटना से उमा अपना संतुलन खो बैठीं और मैदान पर गिर गईं.