Travis Head ने मैक्सवेल-शमी को पछाड़ जीता ICC का ये बड़ा अवार्ड, WC के फाइनल में बने थे 'हीरो'

ICC Player of The Month: ऑस्ट्रेलिया के स्टार ओपनर ट्रेविस हेड ने एक और बड़ा कमाल किया है. जानिए..

Bhoopendra Rai

ICC Player of The Month: वनडे विश्व कप 2023 में बल्ले से कमाल करने वाले ट्रेविस हेड को आईसीसी ने बड़ा अवार्ड दिया है. वह नवंबर 2023 के प्लेयर ऑफ द मंथ चुने गए हैं. टीम इंडिया के गेंदबाज मोहम्मद शमी और हमवतन ग्लेन मैक्सवेल को पछाड़ उन्होंने यह खिताब जीता है. ये वही हैड हैं, जिन्होंने वनडे वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल मुकाबले में शतक लगाकर भारतीय फैंस की उम्मीदों पर फेरा था और ऑस्ट्रेलिया को छठवीं बार चैंपियन बनाने में अहम भूमिका अदा की थी. 

ट्रेविस हेड ने शमी और मैक्सवेल को पछाड़ा

ट्रेविस हेड ने नवंबर के महीने में बल्ले और गेंद दोनों से कमाल किया था. उन्होंने इस महीने में विश्व कप 2023 के दौरान कुल  220 एकदिवसीय रन बनाए थे. इस दौरान एक अर्धशतक और एक शतक निकला था. वहीं ग्लेन मैक्सवेल ने विश्व कप के दौरान अफगानिस्तान के खिलाफ सर्वकालिक महान दोहरा शतक बनाया, जबकि शमी ने विश्व कप में सबसे ज्यादा विकेट लिए थे. डेविड वार्नर के बाद यह पुरस्कार लेने वाले हेड केवल दूसरे ऑस्ट्रेलिया पुरुष खिलाड़ी हैं, जिन्होंने नवंबर 2021 में यह पुरस्कार जीता था. 

क्या बोले ट्रेविस हेड

प्लेयर ऑफ द मंथ बनने के बाद ट्रेविस हेड ने खुशी जाहिर की और टीम का धन्यवाद किया. उन्होंने अपने बयान में कहा, 'मैं भाग्यशाली था कि मेरा हाथ टूटने के बाद भी उन्होंने विश्व कप के दौरान मेरे ऊपर भरोसा बनाए रखा. टीम के हित में कुछ करने के लिए मेरे पास शानदार अवसर था. इस पुरस्कार से सम्मानित होना बड़ी बात है, लेकिन यह एक टीम प्रयास है. सभी प्रारूपों में मेरे साथियों के बिना ऐसा नहीं हो पाता. इसलिए इस तरह के पुरस्कार उनके लिए भी उतने ही हैं जितने मेरे लिए हैं.'

वर्ल्ड कप फाइनल में भारतीय फैंस की तोड़ी थी उम्मीद

वर्ल्ड कप 2023 फाइनल में ट्रेविस हेड ने 120 गेंदों पर 137 रनों की पारी खेली थी. जिसमें उन्होंने 15 चौके और 4 छक्के जड़े थे. उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया था. इससे पहले उन्होंने साल 2023 में ही विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में 163 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया को खिताब दिलाया था. उस मैच में भी वह प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए थे. 

वनडे विश्व कप 2023 में ट्रेविस हेड का प्रदर्शन

अहमदाबाद- 19-नवंबर-2023 VS भारत, 137 रन, 0/4  
कोलकाता: 16-नवंबर-2023 VS दक्षिण अफ्रीका, 62 रन 2/21 
पुणे: 11-नवंबर-2023 VS बांग्लादेश, 10 रन, 0/33
मुंबई:  07-नवंबर-2023 VS अफगानिस्तान, 0 रन , 0/15 
अहमदाबाद: 04-नवंबर-2023 VS इंग्लैंड, 11 रन, 0/28 
धर्मशाला: 28-अक्टूबर-2023 VS न्यूजीलैंड, 109 रन