दलीप ट्रॉफी फाइनल में कप्तान-उपकप्तान भिड़े, स्टंप माइक में कैद हुई पूरी बातचीत

दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल में तिलक वर्मा और वैभव सूर्यवंशी के बीच मजेदार नोकझोंक देखने को मिली. तिलक ने वैभव को स्लेज किया, जिसके बाद अंपायर को बीच में आना पड़ा.

X
Meenu Singh

आज दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल मुकाबले का पहला दिन है. फाइनल में ईस्ट जोन और साउथ जोन आमने-सामने हैं. मैच के पहले दिन ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच मैदान पर कड़ी टक्कर देखने को मिली, जिसने फैंस का ध्यान अपनी ओर खींचा है. 

ईस्ट जोन के 15 वर्षीय उपकप्तान वैभव सूर्यवंशी और साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा के बीच मैदान पर हल्की नोकझोंक हुई. तिलक ने मैदान पर वैभव को स्लेज किया. स्टंप माइक में दोनों की बातचीत कैद हो गई. अंपायर ने इसे गंभीर बहस समझकर दोनों के बीच आकर माहौल शांत कराया.

तिलक ने वैभव को छेड़ा

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि ईस्ट जोन के लिए वैभव सूर्यवंशी और अभिमन्यु ईश्वरन ने पारी की शुरुआत बेहद आक्रामक अंदाज में की. दोनों बल्लेबाज तेजी से रन बना रहे थे और 11वें ओवर तक टीम का कोई विकेट नहीं गिरा था. इसी दौरान साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा ने वैभव को मजाकिया अंदाज में स्लेज किया. स्टंप माइक में तिलक की आवाज सुनाई दी, जिसमें उन्होंने कहा, 'क्या यार, ये उपकप्तान.'


अंपायर को लगा हो रही बहस

तिलक की बात पर वैभव ने भी पलटवार किया. दोनों के बीच बातचीत कुछ देर चली. हालांकि मामला दोस्ताना था, लेकिन मैदान पर मौजूद अंपायर को लगा कि दोनों खिलाड़ियों के बीच बहस हो रही है. इसके बाद अंपायर ने हस्तक्षेप किया और दोनों को शांत कराने की कोशिश की. यह पूरा वाकया कैमरे और स्टंप माइक में रिकॉर्ड हुआ, जिसके बाद इसका वीडियो चर्चा में आ गया.

वैभव ने सिराज को भी नहीं बख्शा

वैभव सूर्यवंशी ने नोकझोंक के बीच अपनी बल्लेबाजी पर पूरा ध्यान बनाए रखा. उन्होंने मोहम्मद सिराज के एक ओवर में 14 रन बटोरे. वैभव ने 37 गेंदों पर 44 रन की तेज पारी खेली, जिसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल रहा. हालांकि 15वें ओवर में चमा मिलिंद की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में वह अपना विकेट गंवा बैठे.

चार ओवर बाद ही लौटे पवेलियन

दिलचस्प बात यह रही कि तिलक वर्मा और वैभव की बातचीत के करीब चार ओवर बाद ही युवा बल्लेबाज आउट हो गए. हालांकि इसे तिलक की स्लेजिंग का असर कहना सिर्फ संयोग होगा. दूसरी ओर अभिमन्यु ईश्वरन ने भी 86 गेंदों में 72 रन बनाए. उन्हें देवदत्त पडिक्कल ने आउट किया. दोनों सलामी बल्लेबाजों ने ईस्ट जोन को फाइनल में अच्छी शुरुआत दिलाई.