600वें टेस्ट की दहलीज पर टीम इंडिया, 15 अगस्त को गॉले में रचेगी क्रिकेट इतिहास

टीम इंडिया 15 अगस्त को श्रीलंका के खिलाफ गॉले में अपना 600वां टेस्ट मैच खेलेगी. इसके साथ भारत दुनिया की तीसरी और एशिया की पहली टीम बनेगा, जिसने टेस्ट क्रिकेट में यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की होगी.

ANI
Meenu Singh

भारतीय टीम अब श्रीलंका के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए श्रीलंका पहुंच चुकी है. दोनों टीमों के बीच 15 अगस्त से सीरीज का आगाज होने वाला है. ये सीरीज भारत के लिए बेहद अहम होने वाला है. क्योंकि, गॉले में शुरू होने वाले पहले टेस्ट के साथ टीम इंडिया अपना 600वां टेस्ट मैच खेलेगी. शुभमन गिल की कप्तानी में उतरने वाली भारतीय टीम इस उपलब्धि तक पहुंचने वाली दुनिया की तीसरी और एशिया की पहली टीम बनेगी. यह मुकाबला ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

600वें टेस्ट के साथ बनेगा नया इतिहास

गॉले टेस्ट भारतीय क्रिकेट के लिए यादगार अवसर होगा. भारत ने 1932 में इंग्लैंड के खिलाफ अपना पहला टेस्ट खेला था और अब 94 साल बाद 600 टेस्ट खेलने का रिकॉर्ड अपने नाम करने जा रहा है. यह उपलब्धि भारतीय क्रिकेट की लंबी और शानदार यात्रा का प्रतीक मानी जा रही है.

इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बाद भारत

टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में अब तक सिर्फ इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया ही 600 से ज्यादा टेस्ट मैच खेल पाए हैं. इंग्लैंड ने 1,097 और ऑस्ट्रेलिया ने 882 टेस्ट मुकाबले खेले हैं. अब भारत इस विशिष्ट सूची में तीसरे स्थान पर पहुंच जाएगा और एशिया का पहला देश बनेगा, जिसने यह मुकाम हासिल किया.


599 टेस्ट में कैसा रहा भारत का सफर

भारत ने अब तक खेले 599 टेस्ट मैचों में 186 जीत दर्ज की हैं, जबकि 188 मुकाबलों में हार मिली है. 224 टेस्ट ड्रॉ रहे और केवल एक मैच टाई पर समाप्त हुआ. टीम का जीत प्रतिशत 31.13 रहा है. इन आंकड़ों में भारतीय क्रिकेट के कई सुनहरे दौर और ऐतिहासिक सफलताएं दर्ज हैं.

गिल की कप्तानी पर रहेंगी निगाहें

शुभमन गिल की कप्तानी में भारत अब तक 9 टेस्ट मैच खेल चुका है. इनमें 5 मुकाबलों में जीत और 3 में हार मिली है. गॉले में होने वाला ऐतिहासिक टेस्ट गिल के लिए भी बड़ी परीक्षा होगा. टीम इस यादगार मैच को जीत के साथ खास बनाने की कोशिश करेगी.

WTC अंक भी होंगे अहम

भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की यह टेस्ट सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 का हिस्सा है. ऐसे में हर जीत टीम इंडिया के लिए बेहद अहम होगी. भारतीय टीम का लक्ष्य इतिहास रचने के साथ-साथ महत्वपूर्ण अंक हासिल कर फाइनल की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत करना होगा.