Commonwealth Games 2026

T20 World Cup 2026: सुपर-8 का सुपर गुरुवार, भारत की ‘करो या मरो’ जंग; अहमदाबाद से तय होगी सेमीफाइनल की किस्मत!

टी20 विश्व कप के सुपर-8 में आज दो निर्णायक मुकाबले हैं. भारत-जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज-साउथ अफ्रीका की भिड़ंत से ग्रुप-1 की सेमीफाइनल तस्वीर साफ हो जाएगी. भारत के लिए अहमदाबाद का नतीजा सबसे महत्वपूर्ण साबित होगा.

bcci
Kuldeep Sharma

टी20 विश्व कप अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है. सुपर-8 के आज दो मुकाबले हैं. क्रिकेट प्रेमी सुपर आठ को 'सुपर गुरुवार' कह रहे हैं. एक तरफ भारत जिम्बाब्वे से भिड़ेगा, दूसरी तरफ वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका की टक्कर होगी. ये दोनों मैच सिर्फ अंक तालिका नहीं, बल्कि सेमीफाइनल की पूरी कहानी तय करेंगे. भारत की उम्मीदें अब सिर्फ अपनी जीत पर नहीं, बल्कि अहमदाबाद के मैदान से आने वाले परिणाम पर भी टिकी हैं. बड़ा स्कोर और सही नतीजा टीम इंडिया को सेमीफाइनल की राह दिखा सकता है. 

भारत बनाम जिम्बाब्वे: करो या मरो

चेन्नई में शाम सात बजे भारत-जिम्बाब्वे मुकाबला होगा. दक्षिण अफ्रीका से मिली 76 रनों की हार के बाद भारत का नेट रन रेट -3.80 पर है. इसलिए सिर्फ जीत नहीं, बल्कि बड़ी जीत जरूरी है. टॉप ऑर्डर अभी संघर्ष कर रहा है, लेकिन गेंदबाजी में बुमराह, अर्शदीप और हार्दिक मजबूत दिख रहे हैं. टीम को आक्रामक शुरुआत और तेज रन चाहिए.

अहमदाबाद में महामुकाबला

दिन का पहला बड़ा मैच अहमदाबाद में वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के बीच होगा. दोनों टीमें अभी तक सुपर-8 में अजेय हैं. वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे को 107 रनों से रौंदा, जबकि साउथ अफ्रीका ने भारत को हराकर अपनी ताकत दिखाई. यह मैच ग्रुप की टॉप दो टीमों की स्थिति तय करेगा और भारत के लिए रास्ता आसान या मुश्किल बना सकता है. 


भारत के लिए अहमदाबाद क्यों निर्णायक

भारत का सेमीफाइनल सपना अहमदाबाद के नतीजे से सीधे जुड़ा है. अगर साउथ अफ्रीका जीतती है, तो भारत के लिए रास्ता थोड़ा साफ हो सकता है. लेकिन वेस्टइंडीज की जीत से समीकरण उलझ जाएंगे. तब भारत को न सिर्फ अपने बाकी मैच जीतने होंगे, बल्कि साउथ अफ्रीका के जिम्बाब्वे से हारने की दुआ भी करनी होगी. 

सेमीफाइनल की तस्वीर साफ होने वाली है

दोनों मैचों के नतीजे ग्रुप-1 की सेमीफाइनल लाइनअप लगभग तय कर देंगे. भारत को पहले जिम्बाब्वे को बड़े अंतर से हराना होगा. उसके बाद अहमदाबाद का फैसला देखना होगा. चाहे वेस्टइंडीज जीते या साउथ अफ्रीका, हर परिणाम भारत की राह को प्रभावित करेगा. क्रिकेट फैंस के लिए यह दिन रोमांच और तनाव से भरा रहेगा.