menu-icon
India Daily

टी20 विश्व कप से बाहर हुआ श्रीलंका, न्यूजीलैंड ने 61 रनों से दी मात; रचिन रवींद्र की घातक गेंदबाजी

आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 राउंड में मेजबान श्रीलंका और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबला खेला गया है. इस मैच में न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को करारी शिकस्त दी.

Anuj
Edited By: Anuj
टी20 विश्व कप से बाहर हुआ श्रीलंका, न्यूजीलैंड ने 61 रनों से दी मात; रचिन रवींद्र की घातक गेंदबाजी
Courtesy: @ICC

नई दिल्ली: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 राउंड में मेजबान श्रीलंका और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबला खेला गया. इस मैच में न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को करारी शिकस्त दी.

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 राउंड के अहम मुकाबले में मेजबान श्रीलंका को न्यूजीलैंड के खिलाफ 61 रन से करारी हार झेलनी पड़ी. इस हार के साथ ही श्रीलंका की टीम सेमीफाइनल की दौड़ से पूरी तरह बाहर हो गई.

श्रीलंका ने जीता टॉस

टॉस जीतकर श्रीलंका के कप्तान दसुन शनाका ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया. न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 168 रन बनाए. जवाब में श्रीलंका की टीम निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर सिर्फ 107 रन ही बना सकी. लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही. टीम ने 46 रन तक पहुंचते-पहुंचते अपने 5 अहम विकेट गंवा दिए. शुरुआती झटकों के बाद मध्यक्रम भी संभल नहीं सका और रन गति लगातार धीमी होती गई.  

रचिन रवींद्र की घातक गेंदबाजी

न्यूजीलैंड की जीत में गेंदबाजों ने अहम भूमिका निभाई. रचिन रवींद्र ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके. मैट हेनरी ने 2 विकेट लिए, जबकि मिचेल सैंटनर और ग्लेन फिलिप्स को 1-1 सफलता मिली.

सैंटनर-मैककॉन्ची की साझेदारी से बदला मैच

पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरूआत भी बेहद खराब रही. एक समय टीम 84 रन पर 6 विकेट खोकर संकट में थी. ऐसे में कप्तान मिचेल सैंटनर और कोल मैक्कॉन्ची ने सातवें विकेट के लिए 47 गेंदों में 84 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की. सैंटनर ने 26 गेंदों में 47 रन की तेज पारी खेली, जबकि मैक्कॉन्ची 31 रन बनाकर नाबाद रहे. इस साझेदारी ने न्यूजीलैंड को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया, जो अंत में मैच जिताऊ साबित हुआ.

तीक्ष्णा-चमीरा को 3-3 विकेट

श्रीलंका के गेंदबाजों ने अपने कप्तान के फैसले को सही साबित किया. श्रीलंका के गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड की टीम को संकट में डाल दिया. महेश तीक्ष्णा और दुष्मांता चमीरा ने 3-3 विकेट हासिल किए, जबकि दुनिथ वेल्लालगे को 1 सफलता मिली. बावजूद इसके बल्लेबाजी में कमजोर प्रदर्शन के कारण टीम लक्ष्य से काफी दूर रह गई.

श्रीलंका की प्लेइंग-11

पथुम निसांका, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), चरिथ असलंका, पवन रत्नायके, कामेंदु मेंडिस, दसुन शनाका (कप्तान), दुनिथ वेल्लालगे, दुशान हेमंथा, दुष्मंथा चमीरा, महेश तीक्ष्णा व दिलशान मदुशंका.

न्यूजीलैंड की प्लेइंग-11

टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), कोल मैक्कॉन्ची, मैट हेनरी, ईश सोढ़ी व लॉकी फर्ग्यूसन.