नई दिल्ली: आईसीसी टी20 विश्व कप के सुपर-8 राउंड में गुरुवार को भारत और जिम्बाब्वे के बीच अहम मैच खेला जाएगा. इस मुकाबले से पहले जिम्बाब्वे के ऑलराउंडर रयान बर्ल का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि हमारी टीम ने भारतीय टीम के खिलाफ होमवर्क पूरा कर लिया है.
भारत के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले से पहले जिम्बाब्वे की टीम पूरी तैयारी के साथ उतरने का दावा कर रही है. टीम के ऑलराउंडर रयान बर्ल ने कहा कि उनकी टीम ने भारतीय बल्लेबाजी क्रम का गहराई से अध्ययन किया है.
बर्ल के अनुसार, भारतीय टीम की सबसे बड़ी ताकत पावरप्ले में तेज शुरुआत है. अगर शुरुआती ओवरों में विकेट नहीं गिरते तो भारतीय बल्लेबाज पूरे मैच में दबाव बनाए रखते हैं. उन्होंने बताया कि जिम्बाब्वे के पास अलग-अलग शैली के गेंदबाज हैं और यही उनकी सबसे बड़ी ताकत है.
टीम ने खास तौर पर भारतीय लाइन-अप में मौजूद बाएं हाथ के बल्लेबाजों और धीमी पिचों पर उनकी कमजोरियों को ध्यान में रखकर रणनीति बनाई है. जिम्बाब्वे को भरोसा है कि ऐसी परिस्थितियों में ऑफ-स्पिन गेंदबाजी प्रभावी साबित हो सकती है.
रिपोर्ट के अनुसार, जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा खुद नई गेंद लेकर आक्रमण की शुरुआत कर सकते हैं. टीम का पहला लक्ष्य भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा और ईशान किशन को जल्दी आउट करना होगा. आंकड़ों के अनुसार, अभिषेक इस टूर्नामेंट में दो बार ऑफ-स्पिन के खिलाफ बिना खाता खोले आउट हो चुके हैं. वहीं, पिछले मैच में दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम ने किशन को बेहद कम गेंदों में पवेलियन भेज दिया था. ऐसे में जिम्बाब्वे की योजना शुरुआती ओवरों में ही भारतीय टॉप-ऑर्डर को दबाव में लाने की है.
सुपर-8 के पहले मुकाबले में भारत को दक्षिण अफ्रीका से 76 रन की बड़ी हार झेलनी पड़ी थी. दूसरी ओर जिम्बाब्वे को वेस्टइंडीज ने 107 रन से हराया था. हालांकि, बर्ल का मानना है कि उनकी टीम के लिए यह सिर्फ एक खराब मैच था और इससे सीख लेकर सुधार किया गया है. उन्होंने कहा कि दोनों टीमें हार के बाद वापसी करना चाहती हैं, इसलिए मुकाबला बेहद कड़ा होने की उम्मीद है.
इस वर्ल्ड कप में बर्ल का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है. श्रीलंका के खिलाफ उन्होंने 12 गेंदों में 23 रन की तेज पारी खेली थी. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कठिन परिस्थिति में 30 गेंदों पर 35 रन बनाए. हालांकि, वेस्टइंडीज के खिलाफ वे खाता नहीं खोल सके. गेंदबाजी में उन्होंने श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक-एक विकेट लिया, जबकि कैरेबियाई टीम के खिलाफ उन्हें गेंदबाजी का मौका नहीं मिला.
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर व रिंकू सिंह.
सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, ग्रीम क्रेमर, ब्रैडली इवांस, क्लाइव मडांडे, टिनोटेंडा मापोसा, तदिवानाशे मारुमनी, वेलिंगटन मसाकाङ्क्षा, टोनी मुनयोंगा, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्लेसिंग मुजारबानी, डियोन मायर्स, रिचर्ड नगारवा व बेन करन.