T20 World Cup 2026: 15 फरवरी को भारत-पाकिस्तान मुकाबला तय! पीसीबी का यू-टर्न, महामुकाबले का इंतजार कर रहे फैंस के लिए गुड न्यूज
टी20 विश्व कप 2026 में भारत-पाकिस्तान मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में होने की पूरी संभावना है. पीसीबी और आईसीसी के बीच बैठकों के बाद तस्वीर लगभग साफ हो गई है.
नई दिल्ली: टी20 विश्व कप 2026 का सबसे बड़ा मुकाबला माने जाने वाला भारत-पाकिस्तान मैच सुर्खियों में है. लंबे असमंजस और राजनीतिक बयानबाजी के बाद अब संकेत मिल रहे हैं कि यह हाई-वोल्टेज मैच 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जा सकता है.
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के सूत्रों के मुताबिक, इस पर सहमति लगभग बन चुकी है. आईसीसी भी चाहता है कि टूर्नामेंट की खेल भावना बनी रहे.
भारत-पाक मैच को लेकर बैठकों का दौर
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से जुड़े सूत्रों ने बताया कि भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर लगातार बैठकें चल रही हैं. इन बैठकों में तारीख और स्थान पर चर्चा हुई है. सूत्रों के अनुसार, 15 फरवरी की तारीख पर 99 प्रतिशत सहमति बन चुकी है और कोलंबो को संभावित स्थल माना जा रहा है.
मैच पर संकट के बादल क्यों?
इससे पहले पीसीबी ने कहा था कि वह भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगा. यह फैसला पाकिस्तान सरकार की उस शर्त के बाद आया था, जिसमें बांग्लादेश के समर्थन में भारत के खिलाफ मैच न खेलने की बात कही गई थी. इस ऐलान के बाद टूर्नामेंट के सबसे बड़े मुकाबले पर संकट के बादल छा गए थे.
आईसीसी का सख्त रुख
पाकिस्तान के बयान के बाद आईसीसी ने कड़ा रुख अपनाया. वैश्विक संस्था ने साफ कहा कि चयनात्मक भागीदारी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मूल भावना के खिलाफ है. आईसीसी ने पीसीबी से आपसी सहमति से समाधान निकालने का आग्रह किया, ताकि टूर्नामेंट की साख बनी रहे.
जीत से भारत का आत्मविश्वास बढ़ा
भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में जीत के साथ आगाज किया. भारत ने अमेरिका को 29 रनों से हराया. कप्तान सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 84 रन की शानदार पारी खेली. मोहम्मद सिराज ने आखिरी समय में टीम में आकर 3 विकेट झटके. अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने भी अहम योगदान दिया.
ग्रुप 'A' में कौन-कौन सी टीमें
पाकिस्तान ग्रुप ए में भारत, नामीबिया, नीदरलैंड्स और अमेरिका के साथ है. पाकिस्तान के सभी मैच श्रीलंका में होंगे. क्योंकि टूर्नामेंट की मेजबानी भारत और श्रीलंका कर रहे हैं. ऐसे में कोलंबो में भारत-पाकिस्तान मुकाबला दर्शकों के लिए बड़ा आकर्षण बनने वाला है..
क्या इतिहास रचेगा भारत
आपको बता दें कि साल 2024 में खेले गए T20 World cup में भारत ने साउथ अफ्रीका को हराकर दूसरी बार खिताब जीता था. साल 2007 में भी भारत ने महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में यह खिताब अपने नाम किया था. टूर्नामेंट के इतिहास में आज तक कोई भी टीम लगातार दो बार ट्रॉफी नहीं जीत सकी है.
और पढ़ें
- टी20 वर्ल्ड कप: चेपॉक में नहीं सुनाई देगा सीटियों का शोर, पुलिस के अजीब फैसले से फैंस हैरान, जानें किस बात का सता रहा डर?
- ICC T20 World Cup 2026: अफगानिस्तान को हराकर न्यूजीलैंड ने रचा इतिहास, भारत का भी 19 साल पुराना रिकॉर्ड हुआ ध्वस्त
- सीके नायडू ट्रॉफी के फाइनल में बिहार ने दिखाया दम, नागालैंड को एक पारी और 164 रनों से हराकर जीता खिताब