अभिषेक OUT, संजू IN... टी20 विश्व कप में नामीबिया के खिलाफ कैसी होगी भारत की प्लेइंग-11?
नामीबिया के खिलाफ भारत की ओपनिंग जोड़ी में बदलाव लगभग संभव माना जा रहा है. पहले मैच में शून्य पर आउट होने वाले अभिषेक शर्मा की गैरमौजूदगी में भारत इस मुकाबले में ईशान किशन और संजू सैमसन से पारी की शुरुआत करा सकता है.
नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम को अपना दूसरा मुकाबला नामीबिया के खिलाफ खेलना है, लेकिन इस मैच से पहले टीम इंडिया के सामने कुछ चुनौतियां खड़ी हो गई हैं. सबसे बड़ी चिंता ओपनर अभिषेक शर्मा को लेकर है.
पिछले मैच के बाद से ही वह लगातार अस्वस्थ चल रहे थे और पेट में गंभीर संक्रमण के चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. ऐसी स्थिति में टीम प्रबंधन किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहेगा और उनका इस मुकाबले में खेलना लगभग नामुमकिन माना जा रहा है
बुमराह की यॉर्कर पर ईशान हुए चोटिल
वहीं, ईशान किशन को लेकर भी एक बुरी खबर सामने आई है. दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में अभ्यास करते समय ईशान किशन तेज गेंदबाज जस्प्रीत बुमराह की यॉर्कर पर घायल हो गए. बुमराह की तेज यॉर्कर विकेटकीपर-बल्लेबाज इशान किशन के पैर के अंगूठे पर जा लगी.
बुमराह पूरी तरह फिट नहीं
हालांकि, शुरुआती संकेत गंभीर चोट की ओर इशारा नहीं करते, लेकिन टीम प्रबंधन कोई जोखिम नहीं लेना चाहता. नामीबिया के खिलाफ मुकाबला अहम है और उसके बाद पाकिस्तान से भी भिड़ंत होनी है. ऐसे में किशन की फिटनेस पर खास नजर रखी जा रही है. अंतिम निर्णय मैच से पहले लिया जाएगा. इसके अलावा तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं.
ओपनिंग जोड़ी में बदलाव तय
नामीबिया के खिलाफ भारत की ओपनिंग जोड़ी में बदलाव लगभग संभव माना जा रहा है. पहले मैच में शून्य पर आउट होने वाले अभिषेक शर्मा की गैरमौजूदगी में भारत इस मुकाबले में ईशान किशन और संजू सैमसन से पारी की शुरुआत करा सकता है. यह संजू सैमसन का टी20 वर्ल्ड कप में पहला मुकाबला हो सकता है. ईशान और संजू की जोड़ी से टीम को राइट-लेफ्ट का अच्छा संयोजन मिलेगा, जिससे नामीबिया के गेंदबाजों पर दबाव बनाया जा सकता है.
भारत का मिडिल ऑर्डर मजबूत
तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए तिलक वर्मा उतर सकते हैं. उन्होंने वापसी के बाद अमेरिका के खिलाफ 16 गेंदों में 25 रन बनाकर अपनी उपयोगिता साबित की थी. चौथे नंबर पर टीम की कमान संभाल रहे कप्तान सूर्यकुमार यादव बल्लेबाजी करेंगे. यूएसए के खिलाफ उन्होंने मुश्किल हालात में नाबाद 84 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम को संभाला था और उनसे एक बार फिर बड़ी पारी की उम्मीद होगी.
निचले क्रम में बदलाव संभव
पिछले मैच में शिवम दुबे पांचवें और रिंकू सिंह छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए थे, लेकिन दोनों कुछ खास नहीं कर पाए. नामीबिया के खिलाफ इन दोनों की बल्लेबाजी क्रम में अदला-बदली हो सकती है. रिंकू सिंह शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाने में सक्षम हैं, ऐसे में उन्हें ऊपर भेजा जा सकता है ताकि कमजोर विपक्ष के खिलाफ तेजी से रन बटोरे जा सके.
ऑलराउंडर और गेंदबाजी संयोजन
सातवें नंबर पर एक बार फिर हार्दिक पांड्या उतरेंगे, जबकि आठवें स्थान पर उपकप्तान अक्षर पटेल बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरेंगे. वहीं, गेंदबाजी की बात करें तो जसप्रीत बुमराह को एहतियातन आराम दिया जा सकता है ताकि वह 15 फरवरी को होने वाले भारत-पाकिस्तान जैसे बड़े मुकाबले के लिए पूरी तरह फिट रहे. ऐसे में पेस आक्रमण की जिम्मेदारी अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज संभाल सकते हैं.
वरुण चक्रवर्ती के कंधों पर जिम्मेदारी
स्पिन गेंदबाजी में दुनिया के नंबर-1 टी20 गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती एक बार फिर मुख्य भूमिका में होंगे. यूएसए के खिलाफ उन्होंने किफायती गेंदबाजी करते हुए विकेट भी लिया था. उनका साथ देने के लिए अक्षर पटेल मौजूद रहेंगे. नामीबिया के खिलाफ भारत की संभावित प्लेइंग-11 संतुलित और मजबूत नजर आ रही है.
भारत की संभावित प्लेइंग-11
1. संजू सैमसन या अभिषेक शर्मा
2. ईशान किशन
3. तिलक वर्मा
4. सूर्यकुमार यादव (कप्तान)
5. अक्षर पटेल
6. रिंकू सिंह
7. शिवम दुबे
8. हार्दिक पांड्या
9. अर्शदीप सिंह
10. वरुण चक्रवर्ती
11. मोहम्मद सिराज या जसप्रीत बुमराह
और पढ़ें
- T20 World Cup: नामीबिया के खिलाफ मैच से पहले भारत पर फूटा 'इंजरी बम ', ईशान किशन को बुमराह की यॉर्कर ने कर दिया घायल
- India vs Namibia Live Streaming: कहां देखें भारत-नामीबिया T20 वर्ल्ड कप मैच की लाइव स्ट्रीमिंग, यहां जानें हेड-टू-हेड, पिच और मौसम रिपोर्ट
- T20 विश्व कप के बीच पाकिस्तान को लगा तगड़ा झटका, छोटी टीम के कप्तान ने छिना 'ताज'