T20 World Cup 2026: नीदरलैंड्स के खिलाफ बुमराह-पांड्या होंगे टीम से बाहर? इन खिलाड़ियों को मिलेगा मौका; जानें कैसी होगी भारत की प्लेइंग-11
भारत का अगला मुकाबला 18 फरवरी को नीदरलैंड्स के खिलाफ होना है. चूंकि टीम पहले ही सुपर-8 में पहुंच चुकी है, इसलिए यह मैच अंकतालिका के लिहाज से ज्यादा अहम नहीं माना जा रहा.
नई दिल्ली: भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में अपनी जगह पक्की कर ली है. भारतीय टीम अब तक खेले गए तीनों मुकाबले जीत चुकी है.
सबसे पहले भारत ने अमेरिका को हराया, उसके बाद नामीबिया को मात दी और फिर रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ 61 रनों से बड़ी जीत दर्ज की. इस जीत के साथ ही सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम पूरे आत्मविश्वास में नजर आ रही है.
सुपर-8 में भारत की असली चुनौती
अब भारत का अगला मुकाबला 18 फरवरी को नीदरलैंड्स के खिलाफ होना है. चूंकि टीम पहले ही सुपर-8 में पहुंच चुकी है, इसलिए यह मैच अंकतालिका के लिहाज से ज्यादा अहम नहीं माना जा रहा. असली चुनौती सुपर-8 में होगी, जहां भारत को वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया या जिम्बाब्वे जैसी मजबूत टीमों से भिड़ना पड़ सकता है. ऐसे में नीदरलैंड्स के खिलाफ होने वाला यह आखिरी ग्रुप मैच खिलाड़ियों को परखने और नई रणनीति आजमाने का अच्छा अवसर हो सकता है.
प्लेइंग-11 में सिराज को मिलेगी जगह
इस मुकाबले में कुछ प्रमुख खिलाड़ियों को आराम दिया जा सकता है. तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को पहले भी बुखार के कारण एक मैच से बाहर रहना पड़ा था, जबकि हार्दिक पांड्या लगातार तीनों मैच खेल चुके हैं. ये दोनों खिलाड़ी बड़े मुकाबलों में टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं.
इसलिए टीम प्रबंधन उन्हें आराम देकर पूरी तरह फिट रखना चाहेगा. बुमराह की जगह मोहम्मद सिराज को मौका दिया जा सकता है, ताकि उन्हें भी अहम मुकाबलों से पहले आजमाया जा सके. अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम बल्लेबाजों के लिए अनुकूल माना जा रहा है, ऐसे में गेंदबाजों की असली परीक्षा होगी.
हार्दिक पांड्या को दिया जाएगा आराम?
अगर हार्दिक पांड्या इस मैच में नहीं खेलते हैं, तो शिवम दुबे को नई गेंद से गेंदबाजी करने का मौका मिल सकता है. दुबे ने पहले भी महत्वपूर्ण मैचों में यह भूमिका निभाई है. उन्हें पूरे चार ओवर देकर यह देखा जा सकता है कि बड़े मैचों में उन पर कितना भरोसा किया जा सकता है. इसके अलावा रिंकू सिंह और अक्षर पटेल को बल्लेबाजी में ज्यादा समय मिल सकता है, जिससे उनकी फॉर्म और आत्मविश्वास मजबूत होगा.
वॉशिंगटन सुंदर को मिल सकता है मौका
वॉशिंगटन सुंदर को भी टीम में शामिल किया जा सकता है, क्योंकि वह चोट के कारण लंबे समय से बाहर थे. उनकी वापसी से टीम को संतुलन मिलेगा. वहीं, वरुण चक्रवर्ती को आराम दिया जा सकता है, क्योंकि उन्होंने अब तक हर मैच खेला है. यह मुकाबला भारतीय टीम के लिए प्रयोग करने और बेंच स्ट्रेंथ को परखने का सुनहरा मौका हो सकता है, ताकि सुपर-8 में पूरी तैयारी के साथ उतरा जा सके.
नीदरलैंड्स के खिलाफ भारत की प्लेइंग-11
ईशान किशन, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह और कुलदीप यादव.
और पढ़ें
- India vs Netherlands Live Streaming: कहां देखें भारत-नीदरलैंड्स T20 वर्ल्ड कप मैच की लाइव स्ट्रीमिंग, यहां जानें हेड-टू-हेड, पिच और मौसम रिपोर्ट
- इमरान खान के लिए गावस्कर, कपिल देव समेत 14 कप्तानों ने पाकिस्तान सरकार को लिखा लेटर, 1992 के ऐतिहासिक वर्ल्ड कप का किया जिक्र
- T20 World Cup: सुपर 8 की जंग तेज! भारत समेत ये 5 टीमें हुई क्वालिफाई, इन 5 टीमों का खत्म हुआ सफर