धू-धू कर जला GT एक्सप्रेस का डिब्बा, जान बचाने के लिए यात्रियों ने लगाई छलांग; दिल दहला देगा वीडियो

महाराष्ट्र के वर्धा जिले में मंगलवार सुबह नई दिल्ली-चेन्नई जीटी एक्सप्रेस के एक कोच में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. सिंदी स्टेशन के पास हुई इस घटना में रेलवे की तत्परता से कोई हताहत नहीं हुआ और एक बड़ा हादसा होने से टल गया.

X/@dnyanu1998
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: महाराष्ट्र के वर्धा जिले में मंगलवार की सुबह एक बड़ी रेल त्रासदी होने से बच गई. नई दिल्ली से चेन्नई (तांबरम) जा रही ट्रेन संख्या 12616 जीटी एक्सप्रेस (Grand Trunk Express) के एक कोच में अचानक भीषण आग लग गई. गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी भी यात्री को आंच नहीं आई और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

रेलवे अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेन सुबह नागपुर से रवाना हुई थी. सफर सामान्य चल रहा था, लेकिन जैसे ही ट्रेन वर्धा जिले के सिंदी रेलवे स्टेशन की ओर बढ़ी, सुबह करीब 11 बजकर 9 मिनट पर ट्रेन के आखिरी कोच से धुएं का काला गुबार उठता दिखाई दिया. आग ट्रेन के अंतिम एसएलआर (सीटिंग-कम-लगेज रैक) कोच में लगी थी. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई.

प्रशासन की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई

मध्य रेलवे के प्रवक्ता संजय मुले ने बताया कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ट्रेन को तुरंत सिंदी-तुलजापुर सेक्शन के बीच रोका गया. सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए, प्रभावित एसएलआर कोच को तुरंत पूरी ट्रेन से अलग कर दिया गया ताकि आग अन्य डिब्बों तक न फैले. स्थानीय दमकल विभाग को तुरंत सूचित किया गया, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया. कोच में मौजूद यात्रियों को सुरक्षित निकालकर अन्य कोचों में स्थानांतरित कर दिया गया.

जांच के घेरे में 'शॉर्ट सर्किट'

रेलवे प्रशासन ने इस गंभीर लापरवाही की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं. हालांकि अभी आग लगने के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्राथमिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को इसकी मुख्य वजह माना जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही असली वजह स्पष्ट हो पाएगी. प्रभावित डिब्बे को हटाने के बाद, ट्रेन को शेष कोचों के साथ चेन्नई के लिए रवाना कर दिया गया. इस घटना के चलते नागपुर-सेवाग्राम रेल मार्ग पर कुछ समय के लिए ट्रेनों का परिचालन बाधित रहा, जिसे स्थिति सामान्य होने के बाद फिर से बहाल कर दिया गया.