साहिल धनशेरा एक्सीडेंट मामले में बड़ा खुलासा, आरोपी चालक की उम्र को लेकर पुलिस से बोला गया सफेद झूठ
3 फरवरी की सुबह 11 बजकर 57 मिनट पर किशोर स्कॉर्पियो चला रहा था. उसकी बहन साथ में बैठी थी और वीडियो बना रही थी. लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज के पास दो लेन वाली सड़क पर स्कॉर्पियो ने सामने से आ रही साहिल की बाइक में टक्कर मारी दी. इसके बाद गाड़ी एक टैक्सी से जाकर टकरा गई.
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के द्वारका में इस महीने हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की दुनिया उजाड़ दी. अब इस मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. जिस स्कॉर्पियो ने साहिल धनशेरा की बाइक को टक्कर मारी थी, हादसे के समय उसे किशोर (नाबालिग) चला रहा था. उसने पुलिस को अपनी उम्र 19 साल बताई थी, जबकि दस्तावेज कुछ और कहानी कहते हैं. इस नई जानकारी ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है.
पुलिस को शुरुआत में बताया गया कि स्कॉर्पियो चालक 19 साल का है, लेकिन जन्म प्रमाणपत्र से स्पष्ट हुआ कि उसका जन्म 2 अगस्त 2009 को हुआ था. यानी वह केवल 16 वर्ष का है और ड्राइविंग लाइसेंस के लिए निर्धारित न्यूनतम आयु से कम है. अधिकारियों ने बताया कि सच्चाई सामने आने पर उसे हिरासत में लिया गया.
हादसे की सुबह क्या हुआ?
3 फरवरी की सुबह 11 बजकर 57 मिनट पर किशोर स्कॉर्पियो चला रहा था. उसकी बहन साथ में बैठी थी और वीडियो बना रही थी. लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज के पास दो लेन वाली सड़क पर स्कॉर्पियो ने सामने से आ रही साहिल की बाइक में टक्कर मारी दी. इसके बाद गाड़ी एक टैक्सी से जाकर टकरा गई.
'चालक के पास लाइसेंस नहीं था'
पुलिस के अनुसार, चालक के पास लाइसेंस नहीं था. नाबालिग होने की पुष्टि के बाद उसे जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया गया. चूंकि उसकी कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं, इसलिए उसे अंतरिम जमानत दे दी गई.
साहिल की मां ने लगाए गंभीर आरोप
साहिल की मां इन्ना माकन अपने बेटे की मौत के बाद गहरे सदमे में हैं और लगातार न्याय की मांग कर रही हैं. इन्ना माकन के अनुसार, 3 फरवरी की सुबह साहिल रोज की तरह अपने ऑफिस जा रहा था, तभी यह दर्दनाक हादसा हुआ. उनका आरोप है कि स्कॉर्पियो का चालक बहुत तेज गति से गाड़ी चला रहा था.
उन्होंने कहा कि उस समय चालक की बहन भी गाड़ी में मौजूद थी और मोबाइल से वीडियो या रील बना रही थी. बताया जा रहा है कि गाड़ी गलत दिशा यानी उल्टी लेन में चलाई जा रही थी और बस के सामने स्टंट जैसा करतब दिखाने की कोशिश की जा रही थी. इसी खतरनाक हरकत के दौरान वाहन ने साहिल को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
'सख्त कदम नहीं उठाया गया'
मां का कहना है कि यह साधारण सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि गंभीर लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना ड्राइविंग का मामला है. उनके मुताबिक, अगर चालक सावधानी से गाड़ी चलाता तो उनके बेटे की जान बच सकती थी. उन्होंने यह भी कहा कि पहले से कई चालान होने के बावजूद कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया, जो बेहद चिंताजनक है. इन्ना माकन अपने बेटे के लिए न्याय की मांग को लेकर सोशल मीडिया पर भी लगातार आवाज उठा रही हैं.