T20 World Cup 2026: फाइनल में भारतीय टीम का अद्भुत रिकॉर्ड, बना डाला सबसे बड़ा स्कोर
संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 89 रन की तेज पारी खेली. उनकी इस पारी में कई आकर्षक चौके और छक्के शामिल रहे. वहीं, अभिषेक शर्मा ने भी तेज शुरुआत करते हुए 21 गेंदों में 52 रन बनाए.
अहमदाबाद: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नया इतिहास बना दिया. अहमदाबाद में खेले जा रहे इस मुकाबले में भारतीय टीम के शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर जमकर प्रहार किया और बड़े-बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए.
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. यह टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबलों के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है. इससे पहले किसी भी टीम ने फाइनल में इतना बड़ा स्कोर नहीं बनाया था.
भारत की तेज शुरूआत
भारतीय टीम की शुरुआत बेहद आक्रामक रही. टीम के टॉप-3 बल्लेबाजों ने शानदार अर्धशतक लगाए और न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को पूरे मैच में दबाव में रखा. टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब किसी टीम के शीर्ष तीन बल्लेबाजों ने एक ही मैच में पचास से अधिक रन बनाए हो.
संजू का शानदार 'शो'
इस मुकाबले में संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 89 रन की तेज पारी खेली. उनकी इस पारी में कई आकर्षक चौके और छक्के शामिल रहे. वहीं, अभिषेक शर्मा ने भी तेज शुरुआत करते हुए 21 गेंदों में 52 रन बनाए. इसके अलावा ईशान किशन ने 25 गेंदों पर 54 रन की उपयोगी पारी खेलकर टीम के स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाया. भारतीय टीम ने सिर्फ 15वें ओवर तक ही 200 रन का आंकड़ा पार कर लिया था, जो अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है. टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में इससे पहले कभी भी कोई टीम 200 रन तक नहीं पहुंची थी.
शिवम दुबे की तूफानी पारी
टॉप ऑर्डर के बाद लोअर ऑर्डर बल्लेबाजों ने भी टीम के स्कोर को और मजबूत किया. शिवम दुबे ने तेज अंदाज में 8 गेंदों पर 26 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल थे. वहीं, हार्दिक पांड्या ने 13 गेंदों में 18 रन की छोटी लेकिन अहम पारी खेली. इस शानदार बल्लेबाजी के दम पर भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के सामने जीत के लिए 256 रन का मुश्किल लक्ष्य रखा है. अब देखना होगा कि न्यूजीलैंड की टीम इस बड़े लक्ष्य का पीछा कर पाती है या नहीं.
और पढ़ें
- IND vs NZ T20 World Cup Final: 18, 3, 1, 0... कप्तान सूर्यकुमार का फाइनल में शर्मनाक रिकॉर्ड
- T20 World Cup 2026: संजू सैमसन ने फाइनल में बनाया विश्व रिकॉर्ड, एक साथ 3 दिग्गजों को पछाड़ा
- IND vs NZ T20 World Cup Final: संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड का नया इतिहास रचा, विराट को पछाड़ कर अपने नाम किया ऐतिहासिक रिकॉर्ड