नई दिल्ली: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे खिताबी मुकाबले में भारत के सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन ने इतिहास रच दिया है. संजू सैमसन ने 89 रनों की ऐतिहासिक पारी खेलकर नॉकआउट मुकाबलों में विराट कोहली के सबसे बड़े भारतीय स्कोर को पीछे छोड़ दिया है. उन्होंने खिताबी मुकाबले में 46 गेंदों में 89 रनों की शानदार पारी खेली.
इस मैच में अभिषेक और संजू की जोड़ी ने 17 साल पुराने विश्व रिकॉर्ड को तोड़ दिया. साल 2009 में पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाजों ने 48 रनों की साझेदारी की थी, जो अब तक फाइनल मैच में सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप थी. अभिषेक और संजू ने पहली बार किसी टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में पहले विकेट के लिए 50 से अधिक रन जोड़कर नया कीर्तिमान स्थापित किया.
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारतीय बल्लेबाज संजू सैमसन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. उन्होंने बड़े मुकाबले में शानदार अर्धशतक लगाया और लगातार तीसरे मैच में पचास से ज्यादा रन बनाने का कारनामा किया.
इस अर्धशतक के साथ ही संजू सैमसन ने क्रिकेट जगत के कई बड़े खिलाड़ियों के खास क्लब में जगह बना ली है. वह टी20 वर्ल्ड कप के एक ही संस्करण में सेमीफाइनल और फाइनल दोनों मुकाबलों में अर्धशतक लगाने वाले दुनिया के तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं. इससे पहले यह उपलब्धि शाहिद अफरीदी और विराट कोहली हासिल कर चुके हैं.
Consistency at the highest level 🫡
— BCCI (@BCCI) March 8, 2026
3️⃣rd consecutive FIFTY for Sanju Samson 🔥#TeamIndia | #MenInBlue | #Final | #INDvNZ | @IamSanjuSamson pic.twitter.com/yU7xBBGWf4
सैमसन की यह उपलब्धि इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि टी20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में दबाव के बीच लगातार अच्छा प्रदर्शन करना आसान नहीं होता. लेकिन उन्होंने लगातार तीसरे मैच में अर्धशतक लगाकर यह साबित कर दिया कि वह बड़े मुकाबलों में टीम के लिए अहम भूमिका निभा सकते हैं.