T20 World Cup 2026

'चोकर्स का कार्ड दे दूंगा...', फाइनल मुकाबले से पहले इस तूफानी गेंदबाज ने न्यूजीलैंड को ललकारा

डेल स्टेन ने कहा कि अक्सर 'चोकर्स' शब्द का इस्तेमाल दक्षिण अफ्रीका के लिए किया जाता है, लेकिन आंकड़े देखें तो न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका से अधिक वर्ल्ड कप फाइनल खेले हैं. अगर न्यूजीलैंड की टीम इस बार भी जीतने से चूक जाती है तो उसे 'चोकर्स' का टैग दे देना चाहिए.

Anuj

नई दिल्ली: आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले से पहले दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने न्यूजीलैंड को लेकर बड़ा बयान दिया है. उनका कहना है कि अगर न्यूजीलैंड इस बार फाइनल जीतने में नाकाम रहता है तो उसे 'चोकर्स' का टैग मिल सकता है. स्टेन का मानना है कि भारत को उसके घरेलू मैदान पर हराना न्यूजीलैंड के लिए बहुत मुश्किल होगा.

रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले फाइनल मुकाबले में भारत और न्यूजीलैंड आमने-सामने होंगे. न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को हराकर फाइनल में जगह बनाई है. यह टीम का टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में दूसरा फाइनल है.

'चोकर्स का टैग दे देना चाहिए'

स्टेन ने कहा कि अक्सर 'चोकर्स' शब्द का इस्तेमाल दक्षिण अफ्रीका के लिए किया जाता है, लेकिन आंकड़े देखें तो न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका से अधिक वर्ल्ड कप फाइनल खेले हैं. अगर न्यूजीलैंड की टीम इस बार भी जीतने से चूक जाती है तो उसे 'चोकर्स' का टैग दे देना चाहिए. न्यूजीलैंड 2019 के वनडे वर्ल्ड कप, 2021 के टी20 वर्ल्ड कप और 2025 के चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पहुंचा था, लेकिन तीनों बार उसे हार का सामना करना पड़ा. 

'भारत को हराना आसान नहीं होगा'

साउथ अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने यह बात एबी डिविलियर्स के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान कही. उन्होंने हंसते हुए कहा कि न्यूजीलैंड के लोग उनकी बात का बुरा न मानें, लेकिन इस बार टीम को जीतना ही चाहिए. डेल स्टेन ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर न्यूजीलैंड इस बार भी फाइनल हार जाता है तो मैं आधिकारिक तौर पर 'चोकर्स' का टैग उन्हें दे दूंगा. हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि उन्हें न्यूजीलैंड की टीम पसंद है, लेकिन भारत को हराना आसान नहीं होगा.

'न्यूजीलैंड को असाधारण प्रदर्शन करना होगा'

400 से ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले स्टेन का मानना है कि फाइनल में भारत का पलड़ा भारी है. उनके मुताबिक, भारत अपने घरेलू हालात में काफी मजबूत टीम है और उसे हराने के लिए विरोधी टीम को असाधारण प्रदर्शन करना होगा. डेल स्टेन ने कहा कि भारत तभी हार सकता है जब टीम से कोई बड़ी गलती हो जाए.

न्यूजीलैंड का सफर

न्यूजीलैंड ने साल 2000 में आईसीसी नॉकआउट ट्रॉफी जीतने के बाद कई बार फाइनल तक का सफर तय किया है. लेकिन इनमें से सिर्फ एक ही खिताब उसे मिला है, जब उसने 2021 में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भारत को हराया था. अब देखना दिलचस्प होगा कि अहमदाबाद में होने वाले फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड इस इतिहास को बदल पाता है या फिर भारत एक और आईसीसी ट्रॉफी अपने नाम करता है.