T20 World Cup 2026

T20 World Cup: साउथ अफ्रीका से मिली शर्मनाक हार, कप्तान सूर्यकुमार यादव का किस पर फूटा गुस्सा?

कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि लक्ष्य का पीछा करते समय हम और अच्छी बल्लेबाजी कर सकते थे. मैं ये कहना चाहता हूं कि कभी-कभी आपको सोचना पड़ता है. अगर आप 180 से 185 के लक्ष्य का पीछा कर रहे हैं. ऐसे में आप पावरप्ले में मुकाबला नहीं जीत सकते लेकिन गंवा जरूर सकते हैं.

Anuj

अहमदाबाद: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण की शुरुआत भारतीय टीम के लिए निराशाजनक रही. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए पहले मुकाबले में भारत को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 76 रन से हार का सामना करना पड़ा.

ग्रुप चरण में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय टीम इस मैच में 188 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 18.5 ओवर में 111 रन पर ही ढेर हो गई. हार के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव का बयान सामने आया है. मैच के बाद बातचीत में कप्तान ने कहा कि भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत में अच्छा प्रदर्शन किया था.

हार पर क्या बोले कप्तान?

दक्षिण अफ्रीका की टीम एक समय 21 रन पर तीन विकेट गंवा चुकी थी, लेकिन उसके बाद मध्य ओवरों में अफ्रीकी बल्लेबाजों ने संभलकर खेला और बड़ा स्कोर खड़ा किया. कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि हमने गेंदबाजी में काफी अच्छा प्रदर्शन किया.

'पावरप्ले बेहद अहम होता है'

लक्ष्य का पीछा करते समय हम और अच्छी बल्लेबाजी कर सकते थे. मैं ये कहना चाहता हूं कि कभी-कभी आपको सोचना पड़ता है. अगर आप 180 से 185 के लक्ष्य का पीछा कर रहे हैं. ऐसे में आप पावरप्ले में मुकाबला नहीं जीत सकते लेकिन गंवा जरूर सकते हैं. सूर्यकुमार यादव का कहना था कि 180 से ज्यादा रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पावरप्ले बेहद अहम होता है. अगर इस दौरान विकेट गिरते हैं तो मैच पर पकड़ बनाना मुश्किल हो जाता है.

भारत की खराब शुरूआत

भारतीय टीम की पारी की शुरुआत ही खराब रही और शुरुआती ओवरों में लगातार विकेट गिरते चले गए. कप्तान के अनुसार, इतने बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम को बेहतर साझेदारी की जरूरत थी, जो नहीं बन सकी. नतीजा यह रहा कि रन रेट का दबाव बढ़ता गया और पूरी टीम जल्दी आउट हो गई.

सेमीफाइनल की राह चुनौतीपूर्ण

इस हार के बाद भारत की सेमीफाइनल की राह चुनौतीपूर्ण हो गई है, लेकिन कप्तान ने भरोसा जताया कि टीम मजबूत वापसी करेगी. सूर्यकुमार यादव ने कहा कि टीम इस मैच से सीख लेकर आगे की रणनीति पर शांत होकर चर्चा करेगी.

'अनावश्यक बदलाव नहीं होगा'

उन्होंने कहा कि अगले मैचों में टीम बेहतर बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग के साथ उतरेगी. कप्तान के मुताबिक, टीम अपनी स्वाभाविक शैली में ही खेलना जारी रखेगी और अनावश्यक बदलाव नहीं करेगी. भारत को सुपर-8 में आगे बढ़ने के लिए अब बाकी मैचों में बेहतर प्रदर्शन करना होगा, ताकि सेमीफाइनल की उम्मीदें बरकरार रह सके.