अहमदाबाद: टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 चरण में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अहम मुकाबला खेला जा रहा है. साउथ अफ्रीका के कप्तान एडन मार्करम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है.
इस मैच के लिए भारत की प्लेइंग-11 भी सामने आ गई है. उपकप्तान अक्षर पटेल को प्लेइंग-11 का हिस्सा नहीं बनाया गया है. टॉस के समय यह जानकारी कप्तान सूर्यकुमार यादव ने दी है. साउथ अफ्रीका के खिलाफ अहम मुकाबले से पहले भारतीय टीम की प्लेइंग-11 को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थी.
Here is #TeamIndia's Playing 1️⃣1️⃣ for the Super 8 clash against South Africa! 🙌
— BCCI (@BCCI) February 22, 2026
Updates ▶️ https://t.co/ZE8J4fF18z #T20WorldCup | #MenInBlue | #INDvSA pic.twitter.com/F0DYleKAEU
माना जा रहा था कि टीम संयोजन में कुछ बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं, लेकिन टॉस के समय कप्तान सूर्यकुमार यादव के बयान ने सभी चर्चाओं पर विराम लगा दिया. उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि पिछले मैच की टीम में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है.
नीदरलैंड्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में उपकप्तान अक्षर पटेल की जगह वाशिंगटन सुंदर को जगह मिली थी. वाशिंगटन सुंदर को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी अंतिम एकादश में बरकरार रखा गया है. कप्तान ने बताया कि टीम संयोजन में यह बदलाव पूरी तरह रणनीतिक है और परिस्थितियों को ध्यान में रखकर लिया गया निर्णय है.
सूर्यकुमार यादव ने टॉस के दौरान कहा कि अक्षर जैसे महत्वपूर्ण खिलाड़ी को बाहर रखना आसान नहीं है, लेकिन टीम संतुलन और मैच की रणनीति के हिसाब से यही संयोजन उपयुक्त लगा. उन्होंने आगे कहा कि यह एक टैक्टिकल डिसीजन है. पिछले मुकाबले में जीत दर्ज करने वाली टीम पर भरोसा बनाए रखना ही टीम प्रबंधन की प्राथमिकता रही.
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास पर नजर डालें तो भारत का पलड़ा साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारी रहा है. दोनों टीमों के बीच अब तक सात मुकाबले खेले गए हैं. इनमें से पांच बार भारतीय टीम ने जीत दर्ज की है, जबकि दो मैच अफ्रीकी टीम के नाम रहे हैं. आंकड़े बताते हैं कि बड़े मंच पर भारत ने अक्सर साउथ अफ्रीका को मात दी है.
दोनों टीमों की पिछली भिड़ंत 2024 में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में हुई थी. उस रोमांचक मुकाबले में भारत ने सात रन से जीत हासिल कर खिताब अपने नाम किया था. इससे पहले 2007 में भारत ने 37 रन से जीत दर्ज की थी. 2009 में साउथ अफ्रीका ने 12 रन से बाजी मारी, जबकि 2010 और 2012 में भारत ने करीबी मुकाबलों में जीत हासिल की. 2014 में भारत ने छह विकेट से जीत दर्ज की, वहीं 2022 में अफ्रीका ने पांच विकेट से मुकाबला जीता.