menu-icon
India Daily

CSK स्टीफन फ्लेमिंग की राहें हुईं अलग... 17 साल बाद खत्म हुआ IPL का कोचिंग सफर

चेन्नई सुपर किंग्स और स्टीफन फ्लेमिंग ने आपसी सहमति से अपने लंबे साथ को समाप्त करने का फैसला लिया है. करीब 17 सालों तक चली इस साझेदारी ने IPL इतिहास में कई यादगार उपलब्धियां और रिकॉर्ड अपने नाम किए.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
CSK स्टीफन फ्लेमिंग की राहें हुईं अलग... 17 साल बाद खत्म हुआ IPL का कोचिंग सफर
Courtesy: X (@ImTanujSingh)

IPL की सबसे सफल फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स और हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग के रास्ते अब अलग-अलग हो गए हैं. दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया है. करीब 17 सालों तक चली इस साझेदारी ने IPL में कई यादगार उपलब्धियां हासिल कीं. टीम ने इस दौरान लगातार शानदार प्रदर्शन किया और अपनी अलग पहचान बनाई. अब चेन्नई सुपर किंग्स नए अध्याय की शुरुआत करने जा रही है.

17 साल बाद खत्म हुआ सुनहरा सफर

स्टीफन फ्लेमिंग 2008 में खिलाड़ी के रूप में चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़े थे. इसके बाद 2009 में उन्होंने मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभाली. उनके मार्गदर्शन में टीम ने निरंतर अच्छा प्रदर्शन किया और IPL की सबसे सफल फ्रेंचाइजियों में अपनी जगह मजबूत की. दोनों पक्षों ने सम्मान और सहमति के साथ अलग होने का फैसला लिया.

रिकॉर्ड और ट्रॉफियों से भरा कार्यकाल

फ्लेमिंग की कोचिंग में चेन्नई सुपर किंग्स ने पांच IPL खिताब और दो चैंपियंस लीग T20 ट्रॉफियां अपने नाम कीं. टीम 12 बार प्लेऑफ तक पहुंची और 10 बार IPL फाइनल खेली. लंबे समय तक लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाली टीम के रूप में CSK की पहचान बनाने में फ्लेमिंग की बड़ी भूमिका रही है.

 

फ्रेंचाइजी ने जताया आभार

टीम मालिक रूपा गुरुनाथ ने कहा कि फ्लेमिंग ने लगभग दो दशकों तक फ्रेंचाइजी की सोच, संस्कृति और पहचान को मजबूत बनाया. उन्होंने आगे कहा कि, 'सुपर किंग्स फ्रैंचाइज में हम सभी की ओर से, हम उनकी अटूट प्रतिबद्धता, जुनून और नेतृत्व के लिए तहे दिल से शुक्रिया अदा करते हैं. मैदान पर हमारा साथ का सफर भले ही समाप्त हो रहा है, लेकिन वह हमेशा टीम की विरासत का एक अभिन्न अंग बने रहेंगे.'

भावुक हुए स्टीफन फ्लेमिंग

हेड कोच फ्लेमिंग इस दौरान भावुक दिखे. क्योंकि चेन्नई सुपर किंग्स उनके लिए केवल एक फ्रेंचाइजी नहीं बल्कि दूसरा घर बन गया था. उन्होंने कहा कि चेन्नई सुपर किंग्स के साथ बिताया गया समय उनके कोचिंग करियर का सबसे यादगार अध्याय रहेगा. उन्होंने टीम, खिलाड़ियों और प्रशंसकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सफर की यादें हमेशा उनके दिल में रहेंगी. उन्होंने भरोसा जताया कि सीएसके भविष्य में भी नई सफलताओं की कहानी लिखती रहेगी.