फुटबॉल के बाद स्पेन ने क्रिकेट में भी रचा इतिहास, ऑस्ट्रेलिया का 23 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा
स्पेन ने फिनलैंड को हराकर टी20 इंटरनेशनल में लगातार 21वीं जीत दर्ज की. इसके साथ उसने ऑस्ट्रेलिया के लगातार 20 इंटरनेशनल जीत के 23 साल पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया.
फुटबॉल में विश्व चैंपियन बनने के बाद स्पेन ने क्रिकेट में भी बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है. उसकी पुरुष क्रिकेट टीम ने फिनलैंड को हराकर लगातार 21वां टी20 इंटरनेशनल मुकाबला जीता. इस जीत के साथ स्पेन ने रिकी पोंटिंग की ऑस्ट्रेलियाई टीम का लगातार 20 इंटरनेशनल जीत का रिकॉर्ड तोड़ दिया.
फिनलैंड को हराकर स्पेन ने लगातार 21वीं जीत दर्ज की
स्पेन ने 2028 टी20 वर्ल्ड कप के यूरोप सब-रीजनल क्वालिफायर C में यह खास उपलब्धि हासिल की. शुक्रवार को फिनलैंड के खिलाफ मुकाबले में उसे जीत के लिए 132 रन का लक्ष्य मिला था, जिसे टीम ने सिर्फ दो विकेट गंवाकर हासिल कर लिया. इस जीत के साथ स्पेन की टी20 इंटरनेशनल जीत की लगातार संख्या 21 हो गई. करीब तीन साल पहले आइल ऑफ मैन के खिलाफ शुरू हुआ उसका यह शानदार सफर अब भी जारी है. इस दौरान जर्सी, क्रोएशिया, चेक रिपब्लिक, ग्रीस और फिनलैंड जैसी यूरोपीय टीमों को स्पेन ने हराया है. 2024 में लगातार 14 टी20 इंटरनेशनल जीत के साथ टीम ने इस फॉर्मेट में लगातार जीत का विश्व रिकॉर्ड बनाया था.
रिकी पोंटिंग की ऑस्ट्रेलियाई टीम का रिकॉर्ड भी पीछे छूटा
स्पेन की 21वीं लगातार जीत ने रिकी पोंटिंग की कप्तानी वाली 2003 की ऑस्ट्रेलियाई टीम के शानदार रिकॉर्ड को भी पीछे कर दिया. ऑस्ट्रेलिया ने उस दौर में लगातार 17 वनडे इंटरनेशनल मुकाबले जीते थे. इसी दौरान टीम ने दक्षिण अफ्रीका में हुए वर्ल्ड कप में एक भी मैच गंवाए बिना खिताब जीता था और फाइनल में भारत को हराया था. इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन टेस्ट भी जीते. वनडे और टेस्ट की जीत को मिलाकर ऑस्ट्रेलिया की लगातार 20 इंटरनेशनल जीत हुई थी. अब स्पेन ने 21 मैच जीतकर इस आंकड़े को पार कर लिया है और क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बना ली है.
Also Read
एसोसिएट टीम होकर भी स्पेन का टी20 रिकॉर्ड बेहद मजबूत
स्पेन भले ही क्रिकेट के बड़े देशों में शामिल नहीं है. टी20 इंटरनेशनल में उसका रिकॉर्ड काफी मजबूत है. टीम 1992 में आईसीसी की एफिलिएट सदस्य बनी थी और 2017 में उसे एसोसिएट सदस्य का दर्जा मिला. 2019 में टी20 इंटरनेशनल दर्जा मिलने के बाद से स्पेन ने 50 मुकाबले खेले हैं, जिनमें उसे 41 मैचों में जीत मिली और सिर्फ आठ में हार का सामना करना पड़ा. आईसीसी पुरुष टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में 28वें स्थान पर मौजूद स्पेन ने पिछले कुछ साल में यूरोपीय क्रिकेट में तेजी से अपनी जगह बनाई है. लगातार 21 जीत का रिकॉर्ड उसकी बढ़ती ताकत का बड़ा सबूत है और आने वाले टी20 टूर्नामेंट में टीम पर अब सबकी नजर रहेगी.