menu-icon
India Daily

IPL 2026: शुभमन गिल की तूफानी पारी, गुजरात टाइटंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 5 विकेट से हराया

गुजरात टाइटंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 5 विकेट से हराया

Ashutosh Rai
Edited By: Ashutosh Rai
IPL 2026: शुभमन गिल की तूफानी पारी, गुजरात टाइटंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 5 विकेट से हराया
Courtesy: X

GT VS KKR: नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शुक्रवार शाम एक बार फिर गुजरात टाइटन्स के फैंस के चेहरे खिले रहे. उनकी टीम ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 5 विकेट से मात दी. केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 180 रन बनाए, जवाब में गुजरात ने 19.4 ओवर में यह लक्ष्य पार कर लिया. इस जीत के साथ ही गुजरात टाइटन्स ने लगातार तीसरी जीत दर्ज कर ली, जबकि कोलकाता का संघर्ष अभी खत्म नहीं हुआ. शाहरुख खान की टीम को अब तक छह मैचों में सिर्फ एक अंक मिला है.

शुभमन गिल ने रची जीत की नींव

गुजरात टाइटन्स के लिए रनचेज आसान नहीं था, लेकिन कप्तान शुभमन गिल एक बार फिर टीम के लिए ढाल बनकर उभरे। उन्होंने 50 गेंदों पर 86 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 4 छक्के शामिल रहे. साई सुदर्शन (22) और जोस बटलर (28) ने छोटी-छोटी साझेदारियां की, लेकिन असल संकट के समय गिल ने वाशिंगटन सुंदर (13) के साथ 46 रन जोड़े. शतक की ओर बढ़ते गिल को वैभव अरोड़ा की गेंद पर कैमरन ग्रीन ने कैच लपककर रोका, तब तक गुजरात जीत के करीब पहुंच चुका था. ग्लेन फिलिप्स ने 19 रनों की छोटी लेकिन अहम पारी खेलकर टीम को विजय दिलाई.

कैमरन ग्रीन की एकाकी लड़ाई बेकार

कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए यह मैच किसी सपने से कम नहीं था, लेकिन असलियत बड़ी निराशाजनक रही. पहले ही ओवर में कप्तान अजिंक्य रहाणे बिना खाता खोले मोहम्मद सिराज का शिकार बने. फिर अंगकृष रघुवंशी (8) और टिम सीफर्ट (19) ने भी ज्यादा देर टिक नहीं पाए. 32 रन पर तीन विकेट गिरने के बाद कैमरन ग्रीन ने मोर्चा संभाला. उन्होंने रोवमैन पॉवेल (27) के साथ 55 रन और फिर अनुकूल रॉय (9) के साथ 60 रन की साझेदारी की. ग्रीन ने 55 गेंदों पर 79 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 4 छक्के थे, लेकिन दूसरे छोर पर विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा. रिंकू सिंह (1), रमनदीप सिंह (17) और सुनील नरेन (0) ने निराश किया.

केकेआर का हाल-बेहाल 

इस जीत के साथ गुजरात टाइटन्स ने टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी मजबूत कर ली है. उन्होंने पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स से हारने के बाद दिल्ली कैपिटल्स, लखनऊ सुपर जायंट्स और अब कोलकाता को हराकर लगातार तीन जीत दर्ज की है। वहीं कोलकाता के लिए यह सीजन अबतक बुरे सपने जैसा है. छह मैचों में पांच हार और एक बारिश से धुला मैच – उनके खाते में सिर्फ एक अंक है. मुंबई, हैदराबाद, लखनऊ, चेन्नई और अब गुजरात ने उनकी कमर तोड़ दी है. केकेआर को अपनी पहली जीत के लिए अब और इंतजार करना होगा.

आंकड़ों में गुजरात का दबदबा

आईपीएल में गुजरात टाइटन्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच अब तक छह मैच हो चुके हैं. इनमें से गुजरात ने चार में जीत हासिल की है, जबकि कोलकाता को सिर्फ एक बार कामयाबी मिली है. एक मैच बेनतीजा रहा. पिछले सीजन की बात करें तो गुजरात ने कोलकाता को 39 रनों से हराया था. इस बार भी वही कहानी दोहराई गई. गुजरात के गेंदबाजों में कगिसो रबाडा ने तीन, जबकि मोहम्मद सिराज और अशोक शर्मा ने दो-दो विकेट लिए. कोलकाता को अपनी गेंदबाजी और बल्लेबाजी, दोनों विभागों में सुधार की दरकार है.

Topics