ICC Rankings में भारत का दबदबा, शुभमन बने नंबर-1 ODI बल्लेबाज तो ईशान ने बचाई बादशाहत
ICC की नई रैंकिंग में भारतीय वनडे और टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने एक बार फिर दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज का ताज अपने नाम कर लिया है.
ICC की ताजा रैंकिंग भारतीय क्रिकेट के लिए कई खुशखबरी लेकर आई है. वनडे क्रिकेट में कप्तान शुभमन गिल ने एक बार फिर दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज का ताज अपने नाम कर लिया है. दूसरी ओर युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे दौरे पर शानदार प्रदर्शन का बड़ा इनाम हासिल किया है. महज 15 साल की उम्र में उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजी रैंकिंग में लंबी छलांग लगाकर भारतीय क्रिकेट के भविष्य को लेकर उम्मीदें और मजबूत कर दी हैं. इसके साथ ही ईशान किशन ICC T20 रैंकिंग में नंबर वन पर बने हुए हैं.
शुभमन गिल फिर बने नंबर-1
वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के डैरिल मिशेल को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया. मिशेल इस साल जनवरी से शीर्ष स्थान पर बने हुए थे. वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड के बीच हाल में समाप्त हुई सीरीज के बाद जारी नई रैंकिंग में गिल दोबारा शीर्ष पर पहुंचने में सफल रहे.
Also Read
- 230 पायदान ऊपर, टॉप-50 में एंट्री... वैभव सूर्यवंशी ने ICC T20 रैंकिंग में मारी लंबी छलांग
- 'मेरे गुरु, मेरे मार्गदर्शक...' आयुष म्हात्रे ने की सचिन की जय-जयकार, फिर तेज हुई MI में ट्रेड की चर्चा
- Commonwealth Games 2026 Live, Day 7: वेटलिफ्टिंग में भारत के मेडल की उम्मीदें खत्म, संजना तीनों अटैम्पट में हुई फेल
भारतीय बल्लेबाजों का दबदबा कायम
T20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजी रैंकिंग में ईशान किशन 910 रेटिंग अंकों के साथ पहले स्थान पर बने हुए हैं. तिलक वर्मा दो स्थान ऊपर चढ़कर छठे नंबर पर पहुंच गए हैं. वहीं कप्तान श्रेयस अय्यर ने सात स्थान की छलांग लगाते हुए 24वां स्थान हासिल किया. भारतीय बल्लेबाजों का लगातार बेहतर प्रदर्शन रैंकिंग में भी साफ दिखाई दे रहा है.
गेंदबाजों को भी मिला फायदा
T20 अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजी रैंकिंग में लेग स्पिनर रवि बिश्नोई ने 31 स्थान की छलांग लगाकर 41वां स्थान हासिल किया. वहीं चोट के कारण जिम्बाब्वे दौरे से बाहर रहे वरुण चक्रवर्ती तीन स्थान नीचे खिसके, लेकिन शीर्ष 10 में अपनी जगह बनाए रखने में सफल रहे. इससे भारतीय गेंदबाजी की मजबूती भी झलकती है.
अन्य खिलाड़ियों की रैंकिंग में बदलाव
जिम्बाब्वे के रयान बर्ल और ब्लेसिंग मुजरबानी ने भी टी20 रैंकिंग में सुधार किया है. टेस्ट क्रिकेट में वेस्टइंडीज के जस्टिन ग्रीव्स ने शानदार प्रदर्शन के दम पर गेंदबाजी और ऑलराउंडर रैंकिंग में बड़ी छलांग लगाई. पाकिस्तान के मोहम्मद अब्बास और बाबर आजम को भी नई टेस्ट रैंकिंग में फायदा मिला है.