MI VS PBKS: आईपीएल 2026 के रोमांचक 24वें मुकाबले में गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी है. टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी पंजाब की टीम ने मुंबई के 195 रनों के स्कोर को बौना साबित करते हुए, 17वें ओवर में ही 196 रनों का विशाल लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया. इस धमाकेदार जीत के साथ ही इस सीजन में अब तक अजेय रही पंजाब किंग्स की टीम अंक तालिका में पहले पायदान पर पहुंच गई है.
मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही. पारी के तीसरे ही ओवर में तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने कहर बरपाते हुए रेयान रिकेल्टन और बिना खाता खोले खतरनाक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया.
हालांकि, प्लेइंग इलेवन में इस सीजन अपना पहला मौका पाकर मैदान में उतरे क्विंटन डीकॉक ने इस अवसर को शानदार तरीके से भुनाया और मात्र 53 गेंदों में अपना विस्फोटक शतक जड़ दिया. डीकॉक ने नमन धीर के साथ मिलकर 68 गेंदों में 122 रनों की ताबड़तोड़ साझेदारी की. डीकॉक 112 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि कप्तान हार्दिक पंड्या केवल 14 रन ही बना सके. डीकॉक की इसी बेहतरीन पारी के दम पर मुंबई ने 195 रनों का मजबूत टोटल खड़ा किया.
196 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत भी डगमगा गई थी. पारी के तीसरे ओवर में 27 के स्कोर पर प्रियांश आर्य और कुछ देर बाद कोनली जल्दी आउट हो गए, लेकिन इसके बाद श्रेयस अय्यर और प्रभसिमरन सिंह ने क्रीज पर खूंटा गाड़ दिया.
दोनों ने विपक्षी गेंदबाजों की जमकर खबर लेते हुए 66 गेंदों में 139 रनों की मैच जिताऊ साझेदारी की. जब टीम को जीत के लिए 27 गेंदों में केवल 12 रनों की दरकार थी, तब श्रेयस अय्यर 35 गेंदों में 66 रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठे. अंत में प्रभसिमरन सिंह ने 11 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 80 रनों की शानदार नाबाद पारी खेली और अपनी टीम को 17वें ओवर में ही जीत दिला दी.
इस शानदार जीत के बाद पंजाब किंग्स 5 मैचों में 4 जीत और 1 बेनतीजा मैच के साथ 9 अंक लेकर पॉइंट्स टेबल में टॉप पर आ गई है. आरसीबी दूसरे और राजस्थान तीसरे स्थान पर है। वहीं, मुंबई इंडियंस 5 मैचों में मात्र 2 अंकों के साथ 9वें स्थान पर खिसक गई है और चेन्नई सुपर किंग्स भी अब अंक तालिका में मुंबई से आगे निकल गई है.