Asian Games 2026 BRICS 2026

श्रेयस अय्यर की रडार पर धोनी-रैना का रिकॉर्ड, इतने छक्के जड़ते ही जिम्बाब्वे की धरती पर रच देंगे रिकॉर्ड

जिम्बाब्वे के खिलाफ T20 सीरीज में कप्तान श्रेयस अय्यर के पास महेंद्र सिंह धोनी और सुरेश रैना के छक्कों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने का सुनहरा मौका है. उनकी बल्लेबाजी पर सभी की नजरें रहेंगी.

X (@CricketCentrl)
Meenu Singh

आयरलैंड और इंग्लैंड के बाद अब भारतीय टीम क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप के लिए जिम्बाब्वे के दौरे पर है. दोनों टीमें जिम्बाब्वे के हरारे स्पोर्ट क्लब में आज शाम को 04:30 बजे से तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए भिड़ंगी. दोनों टीमों ने सीरीज के लिए अपनी-अपनी कमर कस ली है. आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे में मिली हार के बाद भारतीय टीम अब नई शुरुआत के इरादे से मैदान में उतरेगी.

इस सीरीज में कप्तान श्रेयस अय्यर पर सबसे ज्यादा निगाहें रहेंगी. वह टीम को जीत दिलाने के साथ व्यक्तिगत उपलब्धि हासिल करने के भी करीब हैं. उनके पास भारत के दो दिग्गज बल्लेबाजों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने का शानदार अवसर है. दो छक्का जड़ते ही वह महेंद्र सिंह धोनी से आगे निकल जाएंगे. 

हरारे में अय्यर पर रहेंगी नजरें


श्रेयस अय्यर इस समय भारतीय T20 टीम की कप्तानी संभाल रहे हैं. हरारे के मैदान पर सबसे ज्यादा कप्तान अय्यर पर ही निगाहें रहेंगी क्योंकि अय्यर की कप्तानी में भारत ने अभी तक एक भी मैच नहीं जीता है. 

बता दें उन्होंने अब तक 58 T20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 1335 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका औसत 31.79 और स्ट्राइक रेट 138.63 रहा है. उनके खाते में 10 अर्धशतक भी दर्ज हैं. टीम को उनसे एक बड़ी पारी की उम्मीद होगी.

धोनी की बराबरी से बस एक कदम दूर

इंटरनेशनल T20 क्रिकेट में श्रेयस अय्यर के नाम अभी 51 छक्के दर्ज हैं. महेंद्र सिंह धोनी ने भारत के लिए इस प्रारूप में 52 छक्के लगाए थे. ऐसे में पहले ही मुकाबले में एक छक्का लगाते ही अय्यर धोनी की बराबरी कर लेंगे. दो छक्के लगाते ही वह उनसे आगे निकल जाएंगे.

खतरे में रैना का भी रिकॉर्ड 

अय्यर की रडार पर केवल धोनी का ही रिकॉर्ड नहीं है बल्कि पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सुरेश रैना के रिकॉर्ड पर भी उनकी नजर है. रैना ने T20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 58 छक्के लगाए थे. अय्यर अगर इस तीन मैचों की सीरीज में आठ छक्के लगाने में सफल रहते हैं, तो वह रैना का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ देंगे. इससे वह भारत के सबसे सफल T20 बल्लेबाजों की सूची में और ऊपर 12वें पायदान पर पहुंच जाएंगे. 

कप्तानी और बल्लेबाजी की दोहरी चुनौती

श्रेयस अय्यर के सामने केवल रिकॉर्ड बनाने की चुनौती नहीं है. हाल के विदेशी दौरों में मिली हार के बाद टीम को जीत की राह पर लौटाना भी उनकी बड़ी जिम्मेदारी होगी. युवा खिलाड़ियों से सजी भारतीय टीम को उनके नेतृत्व से काफी उम्मीदें हैं. अय्यर बतौर कप्तान अभी भी अपनी पहली जीत की तलाश में है.