Sam Konstas chat with Virat Kohli: 19 वर्षीय सैम कोंस्टास के लिए बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी बेहद खास रही. मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर चौथे टेस्ट में पदार्पण करते हुए कोंस्टास ने शानदार प्रदर्शन किया और टी20 शैली में तेजतर्रार अर्धशतक जड़ा, जिसने भारतीय टीम को हैरान कर दिया. उनकी बल्लेबाजी के दौरान, उन्होंने जसप्रीत बुमराह के खिलाफ स्कूप और रैंप शॉट खेले, जिससे क्रिकेट जगत में चर्चा का माहौल बन गया.
कोंस्टास का आक्रामक रवैया केवल बल्लेबाजी तक सीमित नहीं रहा. विराट कोहली के साथ हुई तीखी बहस ने उन्हें भारतीय प्रशंसकों के निशाने पर ला दिया. सिडनी टेस्ट के पहले दिन, कोंस्टास ने जसप्रीत बुमराह के साथ शब्दों का आदान-प्रदान किया, जिसने माहौल और गरमा दिया. बुमराह ने उसी ओवर में उस्मान ख्वाजा को आउट किया और कोंस्टास की ओर तीखी नजरों से देखा.
कोड स्पोर्टस से हाल ही में बातचीत करते हुए सैम कोंस्टास ने कहा कि "मुझे इस सीरीज के हर पल का आनंद मिला, लेकिन मैंने इससे बहुत कुछ सीखा है. उम्मीद है कि भविष्य में मैं इन अनुभवों का बेहतर उपयोग कर पाऊंगा. मैच के बाद मैंने कोहली से थोड़ी बात की. मैंने उनसे बताया कि उन्हें अपने खिलाफ खेलते हुए देखना मेरी आंखों पर यकीन नही कर पाने वाला पल था क्योंकि मैं बचपन से ही उन्हें अपना आइडल मानता हूं. विराट कोहली मेरे सामने खेल रहे हैं. भारतीय दर्शकों का उनके प्रति प्यार और उनका नाम लेकर शोर मचाना अविश्वसनीय था."
कोंस्टास ने अपनी बात को आगे बढ़ातो हुए कहा कि "कोहली बहुत ही अच्छे इंसान हैं. उन्होंने मुझे शुभकामनाएं दीं और कहा कि अगर मैं श्रीलंका दौरे पर जाता हूं, तो अच्छा प्रदर्शन करूं. मेरे परिवार को विराट बहुत पसंद हैं. बचपन से मैं उनका फैन रहा हूं. वह निस्संदेह खेल के महानतम खिलाड़ियों में से एक हैं."
दरअसल, मेलबर्न में खेले गए मैच के दौरान जब विराट कोहली बल्लेबाजी करने के लिए मैदान पर आए, तो कोंस्टास ऑस्ट्रेलियाई समर्थकों से नारे लगाने की अपील कर रहे थे. इसके अलावा वे कोहली के साथ तीखी बहस भी करते हुए दिखाई दिए थे. इसी वजह से उन्हें मैदान पर भी भारतीय दर्शकों के गुस्से का सामना करना पड़ा था.