menu-icon
India Daily

'I Am The Greatest…': रोनाल्डो ने अपने 40वें जन्मदिन पर खुद को बताया बेस्ट

रियाल मैड्रिड के पूर्व स्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपने 40वें जन्मदिन पर खुद को फुटबॉल का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बताया, साथ ही मेस्सी की प्रशंसा करते हुए खुद को बेहतर माना.

Anvi shukla
Edited By: Anvi Shukla
'I Am The Greatest…': रोनाल्डो ने अपने 40वें जन्मदिन पर खुद को बताया बेस्ट
Courtesy: printerest

रियाल मैड्रिड के पूर्व स्टार और अब सऊदी अरब में खेल रहे रोनाल्डो बुधवार को 40 साल के हो गए और उन्हें इसमें कोई संदेह नहीं कि दुनिया का सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलर कौन है.

रोनाल्डो ने स्पेनिश टेलीविजन चैनल ला सेक्स्टा के साथ साक्षात्कार में कहा, ‘‘मैं फुटबॉल इतिहास का सर्वश्रेष्ठ स्कोरर हूं. हालांकि मैं बाएं पैर का अधिक इस्तेमाल नहीं करता लेकिन बाएं पैर से गोल करने के मामले में मैं इतिहास में शीर्ष 10 में हूं. इन आंकड़ों से पता चलता है कि मैं अब तक का सबसे संपूर्ण खिलाड़ी हूं.’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं खेल में अपने दिमाग का अच्छा इस्तेमाल करता हूं. मैं अच्छी फ्री किक लेता हूं. मैं तेज दौड़ लगाता हूं. मैं दमदार हूं. मैं अच्छी कूद लगाता हूं. मैंने कभी भी खुद से बेहतर किसी को नहीं देखा.’’

पुर्तगाल के इस स्टार खिलाड़ी ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सर्वाधिक 217 मैच खेले हैं जिनमें उनके नाम पर 135 गोल दर्ज हैं जो विश्व रिकॉर्ड है.

रोनाल्डो ने पहले भी कई बार कहा है कि उन्हें लगता है कि वह फुटबॉल के इतिहास में अब तक के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बनकर उभरेंगे. जब भी उनसे इस चर्चा के बारे में पूछा गया कि उनमें और लियोनेल मेस्सी में कौन सर्वश्रेष्ठ है तो उन्होंने हमेशा अर्जेंटीना के खिलाड़ी की प्रशंसा की लेकिन वह खुद को बेहतर बताने से भी पीछे नहीं हटे.

(इस खबर को इंडिया डेली लाइव की टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की हुई है)