menu-icon
India Daily

आंकड़े दे रहे गवाही... 891 रन के बाद भी रिटायरमेंट की चर्चा क्यों? क्या सिर्फ 8 मैच तय करेंगे रोहित का भविष्य?

रोहित शर्मा के वनडे भविष्य को लेकर चर्चा तेज है. हालांकि हालिया फॉर्म सवालों के घेरे में है, लेकिन 2025 से अब तक के उनके 891 रन बताते हैं कि अंतिम फैसला लेने से पहले उनके रिकॉर्ड पर गंभीरता से विचार होना चाहिए.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
आंकड़े दे रहे गवाही... 891 रन के बाद भी रिटायरमेंट की चर्चा क्यों? क्या सिर्फ 8 मैच तय करेंगे रोहित का भविष्य?
Courtesy: ANI

भारतीय क्रिकेट में इन दिनों सबसे बड़ी चर्चा रोहित शर्मा के वनडे भविष्य को लेकर हो रही है. इंग्लैंड के खिलाफ कार्डिफ वनडे के बाद उनके संन्यास की अटकलों ने जोर पकड़ लिया. हालांकि टीम प्रबंधन और BCCI की ओर से ऐसा कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. लेकिन सवाल यह है कि रोहित के रिटारयमेंट को लेकर बार-बार ये चर्चाएं क्यों उठ रही हैं.

यह पहली  बार नहीं जब रोहित शर्मा के करियर पर 'फुल स्टॉप' की खबरें आ रही हैं. भले ही रोहित के हालिया आंकड़े और प्रदर्शन उनका साथ नहीं द रहे हैं लेकिन अगर पिछले डेढ़ साल के आंकड़े उठाकर देखें तो वह चीख-चीखकर रोहित के मेहनत की कहानी बयां करते हैं. ऐसे में उनके भविष्य पर फैसला केवल हालिया प्रदर्शन के आधार पर नहीं होना चाहिए.

आंकड़े देते हैं गवाही

भले ही रोहित शर्मा मौजूदा सीरीज में रन बनाने में असफल रहे हों लेकिन अगर पिछले डेढ़ सालों का लेखा जोखा उठाया जाए तो रोहित को आगामी विश्व कप में नजरअंदाज करना नामुमकिन होगा.  

1 जनवरी 2025 से अब तक रोहित शर्मा ने 22 ODI मुकाबले खेले हैं जिनमें उन्होंने 891 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से दो शतक भी निकले हैं. इस दौरान उनका औसत 42.42 और स्ट्राइक रेट 96.95 रहा है. इस अवधि में केवल शुभमन गिल और विराट कोहली ही उनसे ज्यादा रन बना सके हैं.  ऐसे आंकड़े बताते हैं कि रोहित अब भी टीम के भरोसेमंद बल्लेबाज हैं.

2026 में जरूर दिखी गिरावट

इस साल रोहित का प्रदर्शन पहले जैसा प्रभावशाली नहीं रहा. उन्होंने 2026 में खेले आठ वनडे मैचों में महज 241 रन बनाए हैं और केवल एक अर्धशतक लगाया है. इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा सीरीज में भी उनके बल्ले से बड़ी पारी नहीं निकली. यही वजह है कि उनके भविष्य को लेकर सवाल लगातार उठ रहे हैं. लेकिन रोहित जैसे बल्लेबाज को महज कुछ पारियों के आधार पर आंकना सही नहीं होगा.

टीम प्रबंधन अब भी कर रहा समर्थन

कप्तान शुभमन गिल पहले ही कह चुके हैं कि रोहित शर्मा और विराट कोहली का अनुभव टीम के लिए बेहद अहम है. वहीं बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने भी स्पष्ट किया कि रोहित पर किसी तरह का अतिरिक्त दबाव नहीं है. इन बयानों से साफ है कि फिलहाल टीम प्रबंधन उनके साथ खड़ा दिखाई देता है.

2027 विश्व कप पर टिकी हैं उम्मीदें

रोहित शर्मा कई बार कह चुके हैं कि उनका लक्ष्य 2027 वनडे विश्व कप खेलना है. इसके लिए उन्होंने अपनी फिटनेस पर भी लगातार काम किया है. ऐसे में आने वाले महीनों का प्रदर्शन उनके करियर की दिशा तय करेगा. फिलहाल इतना जरूर है कि 891 रन का रिकॉर्ड यह संकेत देता है कि अंतिम फैसला सोच समझकर ही लिया जाना चाहिए.