menu-icon
India Daily

विश्वकप जीत की 'हीरो' ऋचा घोष के नाम पर बंगाल में बनेगा क्रिकेट स्टेडियम, CM ममता बनर्जी ने किया ऐलान

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सिलीगुड़ी में क्रिकेटर ऋचा घोष के नाम पर 27 एकड़ में 'ऋचा क्रिकेट स्टेडियम' बनाने की घोषणा की. विश्व कप विजेता ऋचा को बंग भूषण सम्मान और डीएसपी पद भी मिला.

auth-image
Edited By: Kanhaiya Kumar Jha
Richa Ghosh India Daily
Courtesy: X

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को घोषणा की कि सिलीगुड़ी में भारत की महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी ऋचा घोष के नाम पर एक नया क्रिकेट स्टेडियम बनाया जाएगा. यह स्टेडियम राज्य सरकार की ओर से बनाया जाएगा और इसका नाम “ऋचा क्रिकेट स्टेडियम” होगा. ऋचा घोष उत्तर बंगाल के सिलीगुड़ी की रहने वाली हैं और हाल ही में उन्होंने भारत की महिला टीम को विश्व कप जिताने में अहम भूमिका निभाई थी.

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सिलीगुड़ी में प्रेस से बात करते हुए कहा कि यह स्टेडियम चांदमणि टी एस्टेट में लगभग 27 एकड़ जमीन पर बनाया जाएगा. उन्होंने बताया कि यह निर्णय ऋचा की शानदार उपलब्धियों को सम्मान देने और उत्तर बंगाल के युवाओं को खेल के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से लिया गया है. ममता ने कहा कि स्टेडियम निर्माण की परियोजना बहुत जल्द शुरू की जाएगी.

‘बंग भूषण’ पुरस्कार से सम्मानित हुई ऋचा

हाल ही में ऋचा घोष को राज्य सरकार की ओर से ‘बंग भूषण’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया. उन्हें पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) की मानद उपाधि दी गई और साथ ही एक सोने की चेन भी भेंट की गई. इसके अलावा, क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (सीएबी) ने भी उन्हें भारत के पहले आईसीसी महिला विश्व कप खिताब में शानदार योगदान के लिए सम्मानित भी किया.

34 लाख रुपये की पुरस्कार राशि से हुई सम्मानित

इस समारोह में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ सीएबी अध्यक्ष सौरव गांगुली और भारत की पूर्व तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी भी मौजूद थीं. कार्यक्रम के दौरान यह बताया गया कि ऋचा घोष ने विश्व कप में 12 छक्के लगाकर वेस्टइंडीज की डिएंड्रा डोटिन के रिकॉर्ड की बराबरी की. उन्हें गांगुली की ओर से 34 लाख रुपये की पुरस्कार राशि और एक सुनहरा बल्ला भी दिया गया.

विश्व कप में कैसा रहा प्रदर्शन?

विश्व कप में ऋचा घोष ने 8 पारियों में 235 रन बनाए. उनका औसत 39.16 और स्ट्राइक रेट 133 से अधिक रहा. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने 94 रन की बेहतरीन पारी खेली. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में उन्होंने 16 गेंदों पर 26 रन बनाकर टीम की जीत में योगदान दिया. वहीं फाइनल मुकाबले में उन्होंने 24 गेंदों पर 34 रन बनाए, जिससे भारत 298/7 का मजबूत स्कोर बना सका और टीम ने ऐतिहासिक जीत हासिल की.

अब तक ऋचा घोष ने भारत के लिए 51 वनडे मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 1,145 रन बनाए हैं. उनका औसत 29.35 और स्ट्राइक रेट 103 से ज्यादा रहा है. उनकी सफलता ने न सिर्फ बंगाल, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है.