RCB VS LSG: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के हाई-वोल्टेज घमासान में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने एक बार फिर अपने करोड़ों फैंस को झूमने का शानदार मौका दे दिया है. एक बेहद कड़े और रोमांचक मुकाबले में RCB ने सूझबूझ भरा रन-चेज करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स को 5 विकेट से करारी शिकस्त दी है. इस अहम जीत के साथ ही बेंगलुरु ने टूर्नामेंट की पॉइंट्स टेबल में अपनी स्थिति और भी ज्यादा मजबूत कर ली है और प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को नई उड़ान दी है. बेंगलुरु की इस जीत के असली हीरो तेज गेंदबाज रसिक सलाम डार (4 विकेट) और इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे विराट कोहली (49 रन) रहे.
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम आरसीबी की घातक गेंदबाजी के सामने 20 ओवर में 146 रनों पर ही सिमट गई. आरसीबी के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही शिकंजा कसे रखा. एडेन मार्करम (12) और निकोलस पूरन (1) सस्ते में पवेलियन लौट गए. कप्तान ऋषभ पंत को जोश हेजलवुड की गेंद लगने से रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा और बाद में वह सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए.
मिचेल मार्श (40), मुकुल चौधरी (39) और आयुष बदोनी (38) ने कुछ हद तक संघर्ष जरूर किया, लेकिन टीम को एक बड़े स्कोर तक नहीं ले जा सके. बेंगलुरु की तरफ से रसिक सलाम डार ने 4 अहम विकेट चटकाए, जबकि भुवनेश्वर कुमार ने 3 विकेट झटक कर लखनऊ की कमर तोड़ दी.
147 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेंगलुरु की शुरुआत अच्छी नहीं रही. ओपनर फिल साल्ट महज 7 रन बनाकर प्रिंस यादव का शिकार बने. इसके बाद इम्पैक्ट सब के रूप में क्रीज पर आए विराट कोहली ने देवदत्त पडिक्कल (10) के साथ मिलकर पारी को संभाला और 57 रनों की अहम साझेदारी की. कोहली ने अपने विंटेज अंदाज में 34 गेंदों पर 6 चौके और 1 छक्के की मदद से शानदार 49 रन बनाए.
कोहली के आउट होने के बाद कप्तान रजत पाटीदार (13 गेंदों में 27 रन) और जितेश शर्मा (9 गेंदों में 23 रन) ने ताबड़तोड़ शॉट्स लगाकर मैच को लखनऊ की पहुंच से दूर कर दिया. अंत में टिम डेविड (14*) और रोमारियो शेफर्ड (14*) ने बिना कोई जोखिम लिए टीम को जीत की दहलीज पार करा दी.
इस जीत के बाद आरसीबी 5 मैचों में 4 जीत और 8 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल के टॉप पर पहुंच गई है. राजस्थान रॉयल्स के भी 8 अंक हैं, लेकिन बेहतर नेट रनरेट के कारण बेंगलुरु पहले नंबर पर है. पंजाब किंग्स तीसरे और सनराइजर्स हैदराबाद चौथे स्थान पर हैं. अगर बात करें हेड-टू-हेड रिकॉर्ड की, तो आईपीएल इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक 7 मुकाबले हुए हैं, जिनमें से 5 बार बेंगलुरु ने बाजी मारी है और सिर्फ 2 बार लखनऊ को जीत नसीब हुई है.