DC VS MI: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के रोमांचक मुकाबले में शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स ने अपने घरेलू मैदान अरुण जेटली स्टेडियम में मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी. इम्पैक्ट प्लेयर समीर रिजवी की 90 रनों की तूफानी पारी की बदौलत दिल्ली ने 163 रनों के लक्ष्य को 18वें ओवर में ही आसानी से हासिल कर लिया.
यह मौजूदा सीजन में अक्षर पटेल की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स की लगातार दूसरी जीत है. वहीं, सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में खेल रही मुंबई इंडियंस को इस सीजन की अपनी पहली हार का सामना करना पड़ा है.
163 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही. स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज केएल राहुल महज़ 1 रन बनाकर दीपक चाहर का शिकार बने, जबकि नीतीश राणा को जसप्रीत बुमराह ने शानदार डायरेक्ट थ्रो पर रन आउट कर दिया.
शुरुआती झटकों के बाद पथुम निसंका और इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में आए समीर रिजवी ने तीसरे विकेट के लिए 66 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर पारी को संभाला. निसंका के आउट होने के बाद रिजवी ने आक्रामक रुख अपनाते हुए मुंबई के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की. उन्होंने डेविड मिलर के साथ 78 रनों की मैच-विनिंग साझेदारी की. रिज़वी ने महज 51 गेंदों पर 7 गगनचुंबी छक्के और 7 चौके जड़ते हुए 90 रनों की तूफानी पारी खेलकर मैच को पूरी तरह एकतरफा कर दिया.
इससे पहले, टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 162 रन बनाए. पावरप्ले में मुकेश कुमार ने एक ही ओवर में रयान रिकेल्टन और तिलक वर्मा को चलता कर MI को बैकफुट पर धकेल दिया.
फॉर्म में चल रहे रोहित शर्मा और कप्तान सूर्यकुमार यादव के बीच 53 रनों की साझेदारी हुई, लेकिन अक्षर पटेल ने रोहित को आउट कर इस पनपती हुई पार्टनरशिप को तोड़ दिया. सूर्यकुमार यादव ने शानदार बल्लेबाज़ी जारी रखी और 36 गेंदों में 51 रनों की कप्तानी पारी खेली. हालांकि, मिडिल ओवर्स में नमन धीर और शेरफेन रदरफोर्ड के सस्ते में आउट होने से मुंबई बड़ा स्कोर खड़ा करने से चूक गई. दिल्ली के लिए मुकेश कुमार सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 2 अहम विकेट झटके.