टीम इंडिया के साथ नए लक्ष्यों की तलाश,  राहुल द्रविड़ के पास अपना अंतिम वर्ल्ड कप उठाने का मौका

Rahul Dravid Head Coach: राहुल द्रविड़ के भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच के रूप में दो साल के कार्यकाल को और बढ़ा दिया है. नवंबर 2021 में उन्हें नियुक्त किया गया था. वे अब टी20 वर्ल्ड कप 2024 तक कोच रहेंगे

Antriksh Singh

भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ का कॉन्ट्रैक्ट तत्काल प्रभाव से टी-20 विश्व कप के समापन तक बढ़ा दिया गया है. वह दक्षिण अफ्रीका में होने वाली आगामी T20I सीरीज के लिए टीम के साथ जाएंगे.

द्रविड़ और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के बीच पिछले कुछ दिनों में हुई बातचीत से जुड़े सूत्रों के मुताबिक द्रविड़ को सूचित किया गया है कि उनके कॉन्ट्रैक्ट का रिव्यू वेस्टइंडीज और अमेरिका में होने वाले T20 विश्व कप के बाद किया जाएगा.

हेड कोच के सामने एक और वर्ल्ड कप

T20 विश्व कप 3 जून से शुरू होकर 30 जून तक चलेगा. नतीजतन, द्रविड़ का विस्तारित कार्यकाल जून के अंत तक चलेगा. इसी तरह की शर्तें फिलहाल अन्य सहयोगी स्टाफ सदस्यों पर भी लागू होने की उम्मीद है.

विश्व कप में भारत के सराहनीय प्रदर्शन के बाद बीसीसीआई टीम के प्रदर्शन से कुल मिलाकर संतुष्ट है. राहुल को लेकर भी कोई शक नहीं था, केवल हेड कोच की सहमति प्राप्त करने की जरूरत थी.

राहुल द्रविड़ के लिए आखिरी वर्ल्ड कप

बता दें इस समय रोहित और द्रविड़ दोनों की लगभग एक जैसी स्थिति है. रोहित जहां टी20 नहीं खेलना चाहते हैं तो उनको वर्ल्ड कप को ध्यान में रखकर टीम की कमान संभालने के लिए कहा गया है. हार्दिक की गैर मौजूदगी में रोहित टी20 कप्तान हो सकते हैं. वहीं द्रविड़ शुरू से ही एक अनिच्छुक कोच थे, जिन्हें कुछ समझाने की आवश्यकता थी. हालांकि ऐसी संभावना है कि द्रविड़ टी-20 विश्व कप के बाद विदाई ले लेंगे. 

क्या कहा द्रविड़ ने-

राहुल द्रविड़ को नवंबर 2021 में दो साल के लिए टीम इंडिया का कोच नियुक्त किया गया था.  द्रविड़ ने अपने कार्यकाल विस्तार की घोषणा करते हुए एक बयान में कहा, "टीम इंडिया के साथ पिछले दो साल बेहद यादगार रहे हैं. हमने साथ में खुशियां और गम देखे हैं. इस पूरे सफर में टीम के भीतर समर्थन और भाईचारा अद्भुत रहा है. ड्रेसिंग रूम में हमने जो संस्कृति बनाई है, उस पर मुझे वास्तव में गर्व है. यह एक ऐसी संस्कृति है जो जीत या हार के क्षणों में भी मजबूत बनी रहती है. हमारी टीम के पास जो कौशल और प्रतिभा है वह असाधारण है, और हमने जो जोर दिया है वह है सही प्रोसेस को फॉलो करना और अपनी तैयारियों पर अडिग रहना."

उन्होंने कहा, "मैं बीसीसीआई और पदाधिकारियों को मुझ पर विश्वास करने, मेरे दृष्टिकोण का समर्थन करने और इस अवधि के दौरान समर्थन प्रदान करने के लिए धन्यवाद देता हूं. इस भूमिका में घर से काफी समय दूर रहने की आवश्यकता होती है, और मैं अपने परिवार के बलिदान और समर्थन की गहराई से सराहना करता हूं. पर्दे के पीछे उनकी महत्वपूर्ण भूमिका अमूल्य रही है. विश्व कप के बाद हम नई चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हैं. हम शानदार काम के लिए प्रतिबद्ध हैं."

चयन समिति की बैठक कल

चयन समिति आगामी दक्षिण अफ्रीका सीरीज के लिए टीमों को अंतिम रूप देने के लिए गुरुवार को बैठक करेगी. बैठक गुरुवार सुबह दिल्ली में होगी, जिसमें अजित अगरकर की समिति से सभी प्रारूपों - T20I, ODI और टेस्ट के लिए टीमों का चयन करने की उम्मीद है. भारत 10 दिसंबर से 7 जनवरी तक तीन T20I, तीन ODI और दो टेस्ट खेलेगा.

ऐसी संभावना है कि मौजूदा T20I टीम के अधिकांश खिलाड़ियों को जो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेल रहे हैं, उन्हें सबसे छोटे प्रारूप के लिए बरकरार रखा जाएगा. विश्व कप में शामिल हुए अधिकांश खिलाड़ी ODI  में जगह पा सकेंगे. कोहली इन दोनों फॉर्मेट से फिलहाल बाहर रहेंगे.