Asian Games 2026

Asian Games 2026: पीवी सिंधु ने जापान की खिलाड़ी को बुरी तरह धोया, क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

एशियन गेम्स 2026 में पीवी सिंधु ने जापान की टोमोका मियाजाकी को सीधे गेम में हराकर महिला सिंगल्स के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई.

X
Ashutosh Rai

भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार जीत दर्ज करते हुए क्वार्टर फाइनल का टिकट हासिल कर लिया. उन्होंने जापान की टोमोका मियाज़ाकी को 21-9, 21-13 से हराया. दूसरी ओर, आयुष शेट्टी को चाउ टिएन-चेन के खिलाफ तीन गेम के मुकाबले में हार मिली.

सिंधु ने सीधे गेम में दर्ज की आसान जीत

पीवी सिंधु ने इचिनोमिया सिटी म्युनिसिपल जिम्नेजियम में खेले गए मुकाबले में शुरुआत से ही अपना दबदबा बनाए रखा. उन्होंने टोमोका मियाजाकी को पहले गेम में सिर्फ 18 मिनट में 21-9 से हराया. दूसरे गेम में भी जापानी खिलाड़ी को वापसी का मौका नहीं मिला और सिंधु ने 21-13 से गेम अपने नाम कर लिया. कुल 41 मिनट चले मुकाबले में सिंधु ने लगातार दबाव बनाए रखा और सीधे गेम में जीत के साथ अंतिम आठ में जगह पक्की कर ली.

आयुष शेट्टी को चाउ टिएन-चेन ने हराया

पुरुष सिंगल्स में भारत के आयुष शेट्टी का सफर क्वार्टर फाइनल से पहले ही खत्म हो गया. उनका सामना चीनी ताइपे के चाउ टिएन-चेन से हुआ. शेट्टी ने पहला गेम 16-21 से गंवाया लेकिन दूसरे गेम में शानदार वापसी करते हुए 21-19 से जीत दर्ज की. निर्णायक गेम में चाउ ने फिर नियंत्रण हासिल किया और 21-17 से जीतकर मैच 2-1 से अपने नाम कर लिया. इस हार के साथ आयुष प्रतियोगिता से बाहर हो गए.


कबड्डी में भारत ने जीता डबल गोल्ड

बैडमिंटन से पहले भारत ने कबड्डी में दोनों गोल्ड मेडल अपने नाम किए. महिला टीम ने फाइनल में ईरान को 37-34 से हराकर अपना खिताब बरकरार रखा. इसके बाद पुरुष टीम ने भी ईरान के खिलाफ 40-34 से जीत दर्ज की. भारत ने दूसरे हाफ में वापसी करते हुए मुकाबला अपने नाम किया. पुरुष टीम का यह एशियन गेम्स में नौवां गोल्ड मेडल है. वहीं महिला टीम ने भी लगातार अपना खिताब बचाया.