नई दिल्ली: फीफा विश्व कप 2026 में राउंड ऑफ 16 का सबसे चर्चित मुकाबला पुर्तगाल और स्पेन के बीच खेला जाएगा. दोनों पड़ोसी देशों के बीच दशकों से चली आ रही पुरानी प्रतिद्वंद्विता एक बार फिर विश्व मंच पर देखने को मिलेगी. एटी एंड टी स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले को लेकर फुटबॉल प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह है. दोनों टीमों ने अब तक अलग-अलग अंदाज में सफर तय किया है और अब उनकी नजर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने पर है.
पुर्तगाल और स्पेन के बीच यह कुल 42वीं भिड़ंत होगी. दोनों देशों के बीच फुटबॉल प्रतिस्पर्धा का इतिहास 1921 से जुड़ा है. अब तक खेले गए 41 मुकाबलों में स्पेन ने 17 मैच जीते हैं, जबकि पुर्तगाल को महज 6 मैच में सफलता मिली है. दोनों टीमें 18 बार बराबरी पर रही हैं. आंकड़ों के आधार पर स्पेन का पलड़ा भारी है.
पुर्तगाल vs स्पेन मैच के टॉप गोल स्कोरर
| खिलाड़ी | टीम | गोल |
| इसिड्रो लंगारा | स्पेन | 9 |
| फर्नांडो पेयरोटेओ | पुर्तगाल | 7 |
| टेल्मो जारा | स्पेन | 6 |
| क्रिस्टियानो रोनाल्डो | पुर्तगाल | 4 |
स्पेन ने नॉकआउट दौर में ऑस्ट्रिया को हराकर आत्मविश्वास के साथ अगले चरण में प्रवेश किया. वहीं दूसरी ओर पुर्तगाल को जीत के लिए क्रोएशिया के खिलाफ कड़ा संघर्ष करना पड़ा हालांगकि अंतिम समय में मिली बढ़त ने टीम को जीत दिलाई.
विश्व कप में दोनों देशों की भिड़ंत बहुत कम हुई है, लेकिन हर मुकाबला यादगार रहा है. 2018 में दोनों टीमों के बीच 3-3 का रोमांचक ड्रॉ हुआ था, जिसमें क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने हैट्रिक लगाई थी. वहीं 2010 विश्व कप में स्पेन ने डेविड विला के गोल की बदौलत पुर्तगाल को हराकर आगे का सफर तय किया और आखिरकार विश्व चैंपियन बना.
इस हाई वोल्टेज मुकाबले का विजेता 10 जुलाई को लॉस एंजिल्स में होने वाले क्वार्टर फाइनल में अमेरिका या बेल्जियम का सामना करेगा. ऐसे में यह मुकाबला केवल प्रतिष्ठा की लड़ाई नहीं, बल्कि विश्व कप में आगे बढ़ने का बड़ा अवसर भी है. फुटबॉल प्रेमियों की नजर अब इस बहुप्रतीक्षित आइबेरियन डर्बी पर टिकी हुई है.