फीफा विश्व कप 2026 के प्री क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड ने मैक्सिको को 3-2 से हराकर अंतिम आठ में जगह बना ली. जीत के बाद जहां टीम जश्न में डूबी थी, वहीं एक ऐसी घटना घटी जिसने खिलाड़ियों और प्रशंसकों दोनों की चिंता बढ़ा दी. दरअसल टीम के सीनियर मिडफील्डर जॉर्डन हेंडरसन जश्न के दौरान चोटिल हो गए. उनकी हालत इतनी गंभीर थी कि उन्हें स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाना पड़ा. इस घटना ने जीत की खुशी के बीच टीम को चिंता में डाल दिया है.
मैक्सिको सिटी के एस्टाडियो एज़्टेका में जीत के बाद इंग्लैंड के खिलाड़ी अपने समर्थकों के साथ जश्न मना रहे थे. इसी दौरान जॉर्डन हेंडरसन विज्ञापन बोर्ड से उतरते समय अपना संतुलन खो बैठे और वहीं गिर पड़े. गिरने से उनके हाथ और कलाई में चोट लग गई. इस हादसे के बाद मेडिकल टीम तुरंत मैदान पर पहुंची और प्राथमिक जांच के बाद उन्हें स्ट्रेचर के सहारे बाहर ले जाया गया.
Video of the Jordan Henderson incident, hope he’s ok. 🙏 pic.twitter.com/Tot0QtaXiF
— Arsenal Family (@arsenalfami1y) July 6, 2026
इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन ने कहा कि शुरुआती जानकारी के अनुसार हेंडरसन की हालत स्थिर है. वहीं जूड बेलिंघम ने स्वीकार किया कि चोट गंभीर लग रही है और पूरी टीम उनके साथ खड़ी है. मुख्य कोच थॉमस ट्यूशेल और मेडिकल स्टाफ लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. फिलहाल उनकी मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
इंग्लैंड ने रोमांचक मुकाबले में मैक्सिको को 3-2 से हराकर नया इतिहास रच दिया. जूड बेलिंघम ने दो शानदार गोल किए, जबकि हैरी केन ने पेनल्टी पर एक गोल दागा. मैक्सिको की ओर से जूलियन क्विनोन्स और राउल जिमेनेज ने गोल कर मुकाबले को रोमांचक बनाया, लेकिन टीम बराबरी हासिल नहीं कर सकी और टूर्नामेंट से बाहर हो गई.
इस जीत के साथ इंग्लैंड एस्टाडियो एज्टेका में विश्व कप के दौरान मैक्सिको को हराने वाली पहली टीम बन गई. इस मैदान पर विश्व कप में खेले गए पिछले सभी मुकाबलों में मेजबान टीम अपराजित रही थी. इसके अलावा मैक्सिको सिटी में अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में यह उसकी केवल तीसरी हार रही. इंग्लैंड की इस जीत को विश्व कप के सबसे यादगार परिणामों में शामिल किया जा रहा है.